CA Quiz : 6-10 July 2025

Here we provide a Quiz of latest Current Affairs for upcoming exams. This quiz helps you to keep a watch on current happenings and may be useful for General Awareness part of IBPS Banking, SSC-CGL, Bank Clerical and other similar examinations.
प्रश्न 1 ‘ऑपरेशन फायर ट्रेल’ किस संस्था द्वारा चीनी पटाखों की तस्करी के विरुद्ध चलाया गया अभियान था?
  • (अ) सीमा शुल्क विभाग
  • (ब) केंद्रीय जांच ब्यूरो
  • (स) राजस्व खुफिया निदेशालय
  • (द) राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड
उत्तर : राजस्व खुफिया निदेशालय
व्याख्या :
भारत में चीनी पटाखों और आतिशबाजी की तस्करी पर एक बड़ी कार्रवाई में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने “ऑपरेशन फायर ट्रेल” नामक एक अभियान में न्हावा शेवा बन्दरगाह, मुंद्रा बंदरगाह और कांडला एसईजेड के लिए निर्धारित या वहां पड़े सात कंटेनरों में छिपाए गए 35 करोड़ रुपये मूल्य के चीनी पटाखों/आतिशबाजी की भारी मात्रा का सफलतापूर्वक पता लगाया, उसे रोका और जब्त किया।
प्रश्न 2 ‘बच्चों का जीवन बचाओ’ पहल के अंतर्गत श्रीलंकाई बच्चों को किस भारतीय अस्पताल में हृदय शल्य चिकित्सा उपलब्ध कराई गई -
  • (अ) एम्स, दिल्ली
  • (ब) अपोलो अस्पताल, चेन्नई
  • (स) अमृता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, कोच्चि
  • (द) नारायण हृदयालय, बेंगलुरु
उत्तर : अमृता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, कोच्चि
व्याख्या :
रोटरी क्लब ऑफ़ कोलंबो वेस्ट ने रोटरी क्लब ऑफ़ कोच्चि वेस्ट के साथ मिलकर कोलंबो में अपनी प्रमुख चिकित्सा पहल बच्चों का जीवन बचाओ के सात वर्ष पूरे किए। इस परियोजना ने 140 से अधिक श्रीलंकाई बच्चों को जीवन रक्षक हृदय शल्य चिकित्सा प्रदान करने में मदद की है। यह कार्यक्रम भारत के कोच्चि स्थित अमृता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में जटिल जन्मजात हृदय दोष वाले बच्चों के लिए मुफ्त सर्जरी की सुविधा प्रदान करता है। इसके अलावा, भारतीय उच्चायोग ने बच्चों और उनके परिवारों को निःशुल्क वीज़ा भी प्रदान किया है।
प्रश्न 3 ताइवान ने ‘हान-कुआंग’ सैन्य अभ्यास के दौरान किस देश से प्राप्त रॉकेट प्रणाली की तैनाती की -
  • (अ) रूस
  • (ब) फ्रांस
  • (स) भारत
  • (द) अमेरिका
उत्तर : अमेरिका
व्याख्या :
ताइवान ने 10 दिवसीय सैन्य अभ्यास हान-कुआंग के दौरान अमरीका से प्राप्‍त अत्या‍धुनिक रॉकेट प्रणाली की तैनाती शुरू कर दी है। इसका उद्देश्य चीन के खिलाफ अपनी सुरक्षा को मजबूत करना है। इन अत्‍याधुनिक प्रणालियों को मध्य ताइवान के ताइचुंग में सक्रिय देखा गया। हालांकि, सैन्य अधिकारियों ने हमले के लिए पूरी तरह तैयार होने से पहले हथियारों को गोपनीय रखने पर ज़ोर दिया। चीन ताइवान को अपना हिस्‍सा मानता है। उसने इस अभ्यास की कड़ी निंदा की है।
प्रश्न 4 प्रसार भारती और हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बीच प्रसारण समझौता कितने वर्षों के लिए किया गया है -
  • (अ) 1 वर्ष
  • (ब) 2 वर्ष
  • (स) 3 वर्ष
  • (द) 5 वर्ष
उत्तर : 3 वर्ष
व्याख्या :
प्रसार भारती और हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने राष्‍ट्रीय तथा अंतरराष्‍ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं के प्रसारण के लिए तीन वर्ष के समझौते पर हस्‍ताक्षर किये हैं। इसके तहत सभी मैच डीडी स्‍पोर्ट्स, वेव्‍स ओटीटी और प्रसार भारती के अन्‍य प्‍लेटफॉर्म से प्रसारित किए जाएंगे। प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी और हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक आनन्‍देश्‍वर पांडेय ने समझौते का आदान-प्रदान किया।
प्रश्न 5 WHO की रिपोर्ट के अनुसार भारत ने पारंपरिक चिकित्सा में किस तकनीक का प्रमुख रूप से उपयोग किया है -
  • (अ) बायोटेक्नोलॉजी
  • (ब) रोबोटिक्स
  • (स) आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
  • (द) नैनोटेक्नोलॉजी
उत्तर : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
व्याख्या :
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत द्वारा पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रयोग को एक ऐतिहासिक और अग्रणी कदम बताते हुए जमकर तारीफ की है। WHO ने अपनी पहली तकनीकी रिपोर्ट “पारंपरिक चिकित्सा में AI के अनुप्रयोग का मानचित्रण” में भारत के प्रयासों को वैश्विक मानक के रूप में मान्यता दी है। यह रिपोर्ट भारत के प्रस्ताव पर तैयार की गई और इसमें आयुष (आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध, सोवा रिग्पा और होम्योपैथी) में तकनीक के प्रभावी उपयोग को विस्तार से समझाया गया है।
प्रश्न 6 गृह सचिव गोविंद मोहन का कार्यकाल अब कब तक बढ़ाया गया है -
  • (अ) 2025
  • (ब) 2026
  • (स) 2027
  • (द) 2028
उत्तर : 2026
व्याख्या :
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने गृह सचिव गोविंद मोहन का कार्यकाल 22 अगस्त 2026 तक या अगले आदेश तक बढ़ा दिया है। गोविंद मोहन 30 सितंबर 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले थे। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने 11 जुलाई 2025 को गोविंद मोहन के सेवा विस्तार की अधिसूचना जारी की।
प्रश्न 7 भारतीय और ग्रीक नौसेनाओं ने किस समुद्र में पीएएसएसईएक्स अभ्यास किया -
  • (अ) बंगाल की खाड़ी
  • (ब) अरब सागर
  • (स) लाल सागर
  • (द) भूमध्य सागर
उत्तर : अरब सागर
व्याख्या :
भारतीय नौसेना और हेलेनिक (ग्रीक) नौसेना ने 10 जुलाई 2025 को अरब सागर में मुंबई तट के पास एक संयुक्त पीएएसएसईएक्स (पासिंग अभ्यास) आयोजित किया। यह जानकारी भारतीय नौसेना ने 11 जुलाई 2025 को अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर पोस्ट की। पीएएसएसईएक्स एक प्रकार का नौसैनिक अभ्यास है जो मित्र देशों की नौसेनाओं के बीच तब किया जाता है जब उनके जहाज आसपास होते हैं।
प्रश्न 8 संचार मित्र योजना का उद्देश्य क्या है -
  • (अ) डिजिटल डिवाइस का निर्माण
  • (ब) युवाओं को डिजिटल एम्बेसेडर बनाकर दूरसंचार जागरूकता फैलाना
  • (स) ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराना
  • (द) 5G नेटवर्क का विस्तार
उत्तर : युवाओं को डिजिटल एम्बेसेडर बनाकर दूरसंचार जागरूकता फैलाना
व्याख्या :
भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (डीओटी) के क्षेत्रीय कार्यालय, असम एलएसए ने गुवाहाटी स्थित बीएसएनएल भवन में आईआईटी, आईआईआईटी, एनआईटी और असम के अन्य इंजीनियरिंग कॉलेजों सहित प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों के प्रमुखों और प्रतिनिधियों के साथ एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य हाल ही में शुरू की गई संचार मित्र योजना के बारे में जानकारी देना और उसका विस्तार करना था। इस अभिनव पहल का उद्देश्य नागरिकों और दूरसंचार इको-सिस्टम के बीच संचार प्रणाली की कमी को दूर करने के लिए छात्र स्वयंसेवकों को डिजिटल एम्बेसेडर के रूप में शामिल करना है। संचार मित्रों को क्षेत्र के विशेषज्ञों और राष्ट्रीय संचार अकादमी-प्रौद्योगिकी (एनसीए-टी) तथा दूरसंचार विभाग के मीडिया विंग के विशेषज्ञों से आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त होगा।
प्रश्न 9 ‘अस्त्र’ मिसाइल का परीक्षण किस फाइटर जेट से किया गया -
  • (अ) मिग-29
  • (ब) तेजस
  • (स) राफेल
  • (द) सुखोई-30 एमके-1
उत्तर : सुखोई-30 एमके-1
व्याख्या :
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) तथा भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को हवा से हवा में मार करने वाली बियॉन्ड विजुअल रेंज मिसाइल (BVRAAM) ‘अस्त्र’ का सफल परीक्षण किया। स्वदेशी ‘रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) सीकर’ से लैस ‘अस्त्र’ का परीक्षण ओडिशा तट के पास भारतीय फाइटर जेट सुखोई-30 एमके-1 से किया गया। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, परीक्षण के दौरान दो मिसाइल लॉन्च किए गए। इनमें हाई-स्पीड मानवरहित हवाई लक्ष्यों को विभिन्न रेंज, दिशा और लॉन्च प्लेटफॉर्म्स की स्थितियों में निशाना बनाया गया। बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दोनों बार मिसाइल ने लक्ष्य को अत्यंत सटीकता के साथ नष्ट किया। ‘अस्त्र’ की मारक क्षमता 100 किलोमीटर से अधिक है। यह उन्नत गाइडेंस एवं नेविगेशन प्रणाली से युक्त है।
प्रश्न 10 ‘मराठा मिलिट्री लैंडस्केप’ को हाल ही में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया। इसमें कुल कितने किले शामिल हैं?
  • (अ) 10
  • (ब) 11
  • (स) 12
  • (द) 13
उत्तर : 12
व्याख्या :
भारत की सांस्कृतिक विरासत में यूनेस्को ने ‘मराठा मिलिट्री लैंडस्केप’ यानी ‘मराठा सैन्य परिदृश्य’ को अपनी विश्व धरोहर सूची में शामिल किया है। इसमें मराठा साम्राज्य के 12 ऐतिहासिक किलों को शामिल किया गया है, जिनमें 11 महाराष्ट्र और 1 तमिलनाडु में स्थित है। यह भारत की 44वीं संपत्ति है जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल में शामिल हो गई है। पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय में विश्व धरोहर समिति के 47वें सत्र के दौरान इसकी घोषणा की गई। ये किले 17वीं से 19वीं सदी के बीच निर्मित हुए और मराठा साम्राज्य की सैन्य रणनीति, स्थापत्य कला और पर्यावरण के साथ सामंजस्य का प्रतीक हैं। महाराष्ट्र और तमिलनाडु में फैले चयनित स्थलों में महाराष्ट्र के सलहेर, शिवनेरी, लोहगढ़, खंडेरी, रायगढ़, राजगढ़, प्रतापगढ़, सुवर्णदुर्ग, पन्हाला, विजयदुर्ग तथा सिंधुदुर्ग के साथ-साथ तमिलनाडु में गिंगी किला शामिल हैं।
प्रश्न 11 हाल ही में (जुलाई 2025 में) ‘ऑपरेशन कालनेमि’ किस राज्य सरकार द्वारा शुरू किया गया है -
  • (अ) उत्तर प्रदेश
  • (ब) मध्य प्रदेश
  • (स) उत्तराखंड
  • (द) बिहार
उत्तर : उत्तराखंड
व्याख्या :
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘ऑपरेशन कालनेमि’ शुरू करने की घोषणा की है। यह पुलिस अभियान उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए शुरू किया गया है जो स्वयं को झूठा संत बताकर जनता को धोखा दे रहे हैं। इन फर्जी बाबाओं पर जनता को ठगने और सनातन धर्म की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। ‘ऑपरेशन कालनेमि’ का नाम हिंदू पौराणिक कथा के एक राक्षस कालनेमि से लिया गया है, जो साधु का वेश धारण कर लोगों को भ्रमित करता था।
प्रश्न 12 विश्व जनसंख्या दिवस कब मनाया जाता है -
  • (अ) 5 जून
  • (ब) 15 अगस्त
  • (स) 11 जुलाई
  • (द) 10 दिसंबर
उत्तर : 11 जुलाई
व्याख्या :
विश्व जनसंख्या दिवस हर साल 11 जुलाई को बढ़ती जनसंख्‍या की चुनौतियों और अवसरों पर ध्‍यान केंद्रित करने के लिए मनाया जाता है। पहली बार विश्‍व जनसंख्‍या दिवस 11 जुलाई 1990 को 90 से अधिक देशों में मनाया गया था। संयुक्‍त राष्‍ट्र महासभा ने दिसम्‍बर 1990 में एक प्रस्‍ताव में विश्‍व जनसंख्‍या दिवस जारी रखने का निर्णय लिया। इसका उद्देश्‍य जनसंख्‍या संबंधी मुद्दों तथा पर्यावरण और विकास के साथ उनके संबंधों के बारे में जागरुकता पैदा करना है। इस वर्ष का विषय है – मां और बच्चे के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए गर्भावस्था का स्वस्थ समय और अंतराल।
प्रश्न 13 भारत 2027 और 2028 में निम्न में से कौन-कौन सी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिताओं की मेज़बानी करेगा -
  • (अ) ओलंपिक और एशियन गेम्स
  • (ब) शूटिंग वर्ल्ड कप और जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप
  • (स) वर्ल्ड कबड्डी कप और वर्ल्ड आर्चरी कप
  • (द) आईसीसी वर्ल्ड कप और प्रो शूटिंग लीग
उत्तर : शूटिंग वर्ल्ड कप और जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप
व्याख्या :
भारत 2027 में शूटिंग विश्व कप और 2028 में जूनियर विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा, इसकी घोषणा 10 जुलाई 2025 को नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने की। यह निर्णय अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (ISSF) द्वारा लिया गया। ये आयोजन भारत को वैश्विक निशानेबाजी प्रतियोगिताओं का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माने जा रहे हैं।
प्रश्न 14 HUL की पहली महिला CEO कौन बनी हैं -
  • (अ) सौम्या स्वामीनाथन
  • (ब) अपर्णा मेहता
  • (स) प्रिया नायर
  • (द) कविता चौधरी
उत्तर : प्रिया नायर
व्याख्या :
हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने घोषणा की है कि प्रिया नायर 1 अगस्त 2025 से कंपनी की नई सीईओ और प्रबंध निदेशक (एमडी) बनेंगी। वे वर्तमान में यूनिलीवर में ब्यूटी एंड वेलबीइंग की प्रेसिडेंट के रूप में कार्यरत हैं।
प्रश्न 15 लॉर्ड्स के MCC म्यूज़ियम में सचिन तेंदुलकर का चित्र किस कलाकार ने बनाया है -
  • (अ) एम. एफ. हुसैन
  • (ब) स्टुअर्ट पियर्सन राइट
  • (स) शमशाद हुसैन
  • (द) एंड्रयू फ्लिंटॉफ
उत्तर : स्टुअर्ट पियर्सन राइट
व्याख्या :
लंदन के लॉर्ड्स स्टेडियम स्थित एमसीसी म्यूज़ियम में 10 जुलाई 2025 को सचिन तेंदुलकर का चित्र (पोर्ट्रेट) अनावरण किया गया। यह चित्र प्रसिद्ध ब्रिटिश कलाकार स्टुअर्ट पियर्सन राइट द्वारा बनाया गया है। यह कार्यक्रम भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच से पहले आयोजित किया गया, और यह पल क्रिकेट के इस महान खिलाड़ी के लिए बेहद भावुक क्षण था। यह सम्मान तेंदुलकर के लिए विशेष है, क्योंकि इंग्लैंड में खेले गए उनके कई मुकाबले उनकी यादों में बसे हुए हैं।
प्रश्न 16 असम के किस जिले में गार्सिनिया की नई प्रजाति पाई गई -
  • (अ) गोलाघाट
  • (ब) बक्सा
  • (स) जोरहाट
  • (द) कामरूप
उत्तर : बक्सा
व्याख्या :
असम के बक्सा ज़िले में गार्सिनिया कुसुमे नामक एक नई वृक्ष प्रजाति की खोज की गई है। गार्सिनिया वंश का यह वृक्ष वरिष्ठ वनस्पतिशास्त्री जतिंद्र शर्मा द्वारा खोजा गया था और इसका नाम उनकी दिवंगत माँ कुसुम देवी की स्मृति में रखा गया है। यह खोज महत्वपूर्ण है क्योंकि यह भारत की वनस्पति विविधता में वृद्धि करती है और असम की समृद्ध वनस्पति विरासत को उजागर करती है। अप्रैल 2025 में असम के बाक्सा ज़िले के बामुनबाड़ी क्षेत्र में किए गए पौधा सर्वेक्षण के दौरान एक नई वनस्पति प्रजाति की खोज हुई। इस पेड़ का स्थानीय नाम “थोइकोरा” है।
प्रश्न 17 ‘गज मित्र योजना’ किस राज्य में चलाई जा रही है -
  • (अ) ओडिशा
  • (ब) झारखंड
  • (स) असम
  • (द) छत्तीसगढ़
उत्तर : असम
व्याख्या :
असम सरकार ने राज्य के आठ सबसे ज़्यादा मानव-हाथी संघर्ष वाले ज़िलों में गज मित्र योजना के कार्यान्वयन को मंज़ूरी दे दी है। 10 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की अध्यक्षता में असम मंत्रिमंडल की बैठक में गज मित्र योजना शुरू करने की मंज़ूरी ली गई। मंत्रिमंडल ने 1 अक्टूबर 2025 से ग्राम प्रधानों का पारिश्रमिक 9000 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 14,000 रुपये प्रति माह करने को भी मंज़ूरी दी।
प्रश्न 18 TIME100 Creators 2025 लिस्ट में शामिल होने वाली पहली भारतीय कौन बनीं -
  • (अ) अंजलि मेहरा
  • (ब) पूजा भट्ट
  • (स) प्राजक्ता कोली
  • (द) करिश्मा देसाई
उत्तर : प्राजक्ता कोली
व्याख्या :
प्राजक्ता कोली, जिन्हें डिजिटल दुनिया में ‘मोस्टलीसेन’ (MostlySane) के नाम से जाना जाता है, को TIME100 क्रिएटर्स लिस्ट 2025 में शामिल किया गया है। यह सूची दुनिया के सबसे प्रभावशाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित करती है। जुलाई 2025 में टाइम मैगज़ीन द्वारा घोषित इस सूची में प्राजक्ता एकमात्र भारतीय हैं जिन्हें स्थान मिला है। यह सम्मान उनकी एक क्रिएटर, अभिनेत्री और प्रभावशाली कहानीकार के रूप में वैश्विक पहचान और प्रभाव को दर्शाता है।
प्रश्न 19 माइक्रोसॉफ्ट द्वारा विकसित ‘BioEMU-1’ का उद्देश्य क्या है -
  • (अ) क्वांटम नेटवर्किंग
  • (ब) जलवायु परिवर्तन अध्ययन
  • (स) प्रोटीन संरचना की जानकारी प्राप्त करना
  • (द) डिजिटल शिक्षा प्लेटफॉर्म
उत्तर : प्रोटीन संरचना की जानकारी प्राप्त करना
व्याख्या :
जानी-मानी सॉफ्टवेयर कम्‍पनी माइक्रोसॉफ्ट ने शरीर में प्रोटीन के कार्य करने के बारे में गहन जानकारी प्राप्‍त करने के लिए नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रणाली बायोमॉलिक्‍यूलर एम्‍यूलेटर-1 – बायोईएमयू-1 विकसित की है। इससे अधिक प्रभावी दवाओं की खोज और डिजाइन में मदद मिलेगी। बायोईएमयू-1 के जरिए सिंगल ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट में प्रति घंटा प्रोटीन की हजारों संरचनाएं प्राप्‍त हो सकती हैं। प्रोटीन हमारे शरीर के लिए काफी महत्‍वपूर्ण होता है जो मांसपेशियों के निर्माण से लेकर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है।
प्रश्न 20 ‘सहेली स्मार्ट कार्ड’ योजना का लाभ कौन उठा सकता है -
  • (अ) देश की सभी महिलाएं
  • (ब) केवल बुजुर्ग महिलाएं
  • (स) दिल्ली निवासी महिलाएं और ट्रांसजेंडर
  • (द) दिल्ली के सरकारी कर्मचारी
उत्तर : दिल्ली निवासी महिलाएं और ट्रांसजेंडर
व्याख्या :
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए एक नई ‘सहेली स्मार्ट कार्ड’ योजना की घोषणा की है, जिसके तहत वे दिल्ली की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। यह नया सिस्टम गुलाबी टिकट योजना की जगह लेगा। सहेली कार्ड केवल उन्हीं लोगों को मिलेगा जिनका पता दिल्ली का है और जिनके पास आधार कार्ड है। इस बदलाव का उद्देश्य योजना के दुरुपयोग को रोकना और मुफ्त यात्रा प्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है। पहले सभी महिलाएं, चाहे वे देश के किसी भी हिस्से की निवासी हों, दिल्ली की बसों में गुलाबी टिकट के ज़रिए मुफ्त यात्रा कर सकती थीं। लेकिन अब केवल दिल्ली में रहने वाली महिलाएं और ट्रांसजेंडर व्यक्ति, जो वैध पता प्रमाण और आधार कार्ड दिखा सकेंगे, नई ‘सहेली कार्ड’ योजना का लाभ उठा पाएंगे।
प्रश्न 21 हाल ही में (जुलाई 2025 में) ‘सार्वजनिक गणेशोत्सव’ को राज्य उत्सव किस राज्य ने घोषित किया है -
  • (अ) कर्नाटक
  • (ब) महाराष्ट्र
  • (स) तमिलनाडु
  • (द) गुजरात
उत्तर : महाराष्ट्र
व्याख्या :
महाराष्ट्र ने ‘सार्वजनिक गणेशोत्सव’ को राज्य उत्सव घोषित कर दिया है। राज्य सरकार भव्य समारोहों के लिए धन मुहैया कराएगी। महाराष्ट्र सरकार ने आधिकारिक तौर पर ‘सार्वजनिक गणेशोत्सव’ को राज्य उत्सव घोषित कर दिया है। यह घोषणा विधानसभा में सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने की। उन्‍होंने यह भी पुष्टि की कि राज्य सरकार पूरे महाराष्ट्र में भव्य समारोहों के आयोजन और प्रचार का खर्च वहन करेगी। सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत 1893 में स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य तिलक ने की थी।
प्रश्न 22 ‘डिजी-लक्ष्मी योजना’ का मुख्य उद्देश्य क्या है -
  • (अ) कृषि में महिलाओं को सब्सिडी देना
  • (ब) ग्रामीण महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित करना
  • (स) शहरी महिलाओं को डिजिटल सेवा प्रदाता बनाना
  • (द) महिलाओं को मुफ्त शिक्षा प्रदान करना
उत्तर : शहरी महिलाओं को डिजिटल सेवा प्रदाता बनाना
व्याख्या :
आंध्र प्रदेश सरकार ने शहरी गरीब महिलाओं को डिजिटल सेवा प्रदाता बनने में मदद करने के लिए 30 जून, 2025 को ‘डिजी-लक्ष्मी’ नामक एक नई योजना शुरू की है। राज्य की योजना सभी शहरी स्थानीय निकायों (ULB) में 9,034 कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) स्थापित करने की है। यह डिजिटल रोज़गार और महिला-नेतृत्व वाले व्यवसायों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डिजी-लक्ष्मी योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी महिलाओं को लघु उद्यमी बनाना है। इस योजना के तहत ये महिलाएं डिजिटल कियोस्क (जिसे एटम कियोस्क – ATOM Kiosks कहा जाता है) संचालित करेंगी, जहां लोग 250 से अधिक सरकारी सेवाएं जैसे बिल भुगतान, प्रमाणपत्र, और विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन जैसी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।
प्रश्न 23 आंध्र प्रदेश में मच्छर नियंत्रण के लिए किस एआई आधारित प्रणाली की शुरुआत की गई है -
  • (अ) MOSS
  • (ब) SMoSS
  • (स) AMMS
  • (द) SmartMos
उत्तर : SMoSS
व्याख्या :
आंध्र प्रदेश सरकार ने डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए, खासकर बरसात के मौसम में, एक नई परियोजना शुरू की है। स्मार्ट मॉस्किटो सर्विलांस सिस्टम (SMoSS) नामक यह परियोजना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करती है। यह सबसे पहले छह बड़े शहरों में शुरू होगी। इस सिस्टम में AI-संचालित मच्छर सेंसर, ड्रोन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) डिवाइस का उपयोग किया जाएगा, जो यह पता लगाएंगे कि कहां, कितने और किस प्रकार के मच्छर मौजूद हैं।
प्रश्न 24 ‘तलाश’ पहल किस वर्ग के छात्रों के लिए शुरू की गई है -
  • (अ) ग्रामीण छात्र
  • (ब) अनुसूचित जाति छात्र
  • (स) शहरी छात्र
  • (द) आदिवासी छात्र
उत्तर : आदिवासी छात्र
व्याख्या :
जनजातीय मामलों के मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त संगठन, राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा सोसाइटी (नेस्ट्स) ने संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ ) इंडिया के साथ साझेदारी में, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) में छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहयोग हेतु एक राष्ट्रीय कार्यक्रम , तलाश (आदिवासी योग्यता, जीवन कौशल और आत्म-सम्मान केंद्र) शुरू किया है। तलाश का उद्देश्य देशभर में आदिवासी छात्रों की शिक्षा और व्यक्तिगत विकास दोनों में सुधार लाना है।
प्रश्न 25 BITS पिलानी और MEITY द्वारा पेशेवर साइबर सुरक्षा कार्यक्रम की अवधि कितनी है -
  • (अ) 4 सप्ताह
  • (ब) 6 सप्ताह
  • (स) 8 सप्ताह
  • (द) 10 सप्ताह
उत्तर : 8 सप्ताह
व्याख्या :
भारत की साइबर सुरक्षा क्षमता को और मजबूत करने के साथ सीईआरटी-इन साइबर सुरक्षा कर्मचारियों के कुशलता निर्माण के कदम में और बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बीआईटीएस) पिलानी समूह ने सरकार, पब्लिक सेक्टर और उद्योग के पेशेवरों के लिए साइबर सुरक्षा में पेशेवर विकास कार्यक्रम को लॉन्च करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। एमओयू के अंतर्गत, बीआईटीएस-पिलानी की ओर से सरकार, पीएसयू और उद्योग के कार्यरत पेशेवरों के लिए साइबर सुरक्षा में 8-सप्ताह का पेशेवर विकास कार्यक्रम लॉन्च किया गया है।
प्रश्न 26 DFCCIL और रेलवे विभाग द्वारा अपनाई गई सुरक्षा प्रणाली का नाम क्या है -
  • (अ) डिजिटल सेफ्टी ट्रैकिंग सिस्टम
  • (ब) स्मार्ट रेल अलर्ट सिस्टम
  • (स) मशीन विज़न इंस्पेक्शन सिस्टम (MVIS)
  • (द) इंटीग्रेटेड गियर चेकिंग सिस्टम
उत्तर : मशीन विज़न इंस्पेक्शन सिस्टम (MVIS)
व्याख्या :
रेल विभाग ने सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए मशीन विज़न पर आधारित निरीक्षण प्रणाली (एमवीआईएस) लगाने के लिए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड डीए-डीएफसीसीआईएल के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एमवीआईएस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग-आधारित आधुनिक तकनीकी प्रणाली है जो चलती रेल गाडियों के अंडर-गियर की उच्च-रिज़ॉल्यूशन वाली तस्वीरें लेता है और किसी भी लटके हुए, ढीले या गायब पुर्जें का भी पता लगा लेता है।
प्रश्न 27 दुर्लभ मृदा चुम्बकों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार कितनी सब्सिडी योजना शुरू करने जा रही है -
  • (अ) ₹945 करोड़
  • (ब) ₹1,145 करोड़
  • (स) ₹1,345 करोड़
  • (द) ₹1,645 करोड़
उत्तर : ₹1,345 करोड़
व्याख्या :
सरकार देश में दुर्लभ मृदा चुम्बकों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक हज़ार तीन सौ 45 करोड़ रुपये की सब्सिडी स्‍कीम शुरू करने की योजना बना रही है। इस संबंध में अंतर-मंत्रालयी परामर्श चल रहा है। भारी उद्योग मंत्रालय के सचिव कामरान रिज़वी ने नई दिल्ली में एक समारोह में जानकारी दी कि यह स्‍कीम दुर्लभ मृदा ऑक्साइड को चुम्बकों में बदलने के लिए सहायता प्रदान करेगी। यह सब्सिडी कंपनियों को दुर्लभ मृदा ऑक्साइड को चुम्बकों में बदलने के लिए प्रसंस्करण सुविधाएँ स्थापित करने के वास्‍ते निवेश में सहायता करेगी।
प्रश्न 28 केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के अनुसार, भारत ने अब तक कितनी गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता हासिल की है -
  • (अ) 125 GW
  • (ब) 200 GW
  • (स) 227 GW
  • (द) 250 GW
उत्तर : 227 GW
व्याख्या :
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की कि पिछले कुछ वर्षों में भारत की सौर ऊर्जा क्षमता में 4,000% की वृद्धि हुई है। नई दिल्ली में भारत ऊर्जा भंडारण सप्ताह (IESW) में बोलते हुए, उन्होंने कहा कि देश 227 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन तक पहुँच गया है और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की राह पर है। यह भारत के स्वच्छ ऊर्जा भविष्य के लिए एक बड़ा कदम है। IESW 2025 कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत शायद पहला G20 देश होगा जो पेरिस समझौते में तय किए गए जलवायु लक्ष्यों को समय से पहले पूरा कर लेगा।
प्रश्न 29 ई-ट्रकों की योजना के तहत अधिकतम प्रोत्साहन राशि कितनी तय की गई है -
  • (अ) ₹7.5 लाख
  • (ब) ₹8.2 लाख
  • (स) ₹9.6 लाख
  • (द) ₹10 लाख
उत्तर : ₹9.6 लाख
व्याख्या :
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने पीएम ई-ड्राइव पहल के अंतर्गत शुक्रवार को इलेक्ट्रिक ट्रकों (ई-ट्रकों) के लिए वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान करने हेतु एक अभूतपूर्व योजना शुभारंभ किया है। सरकार इलेक्ट्रिक ट्रकों के लिए प्रत्यक्ष सहायता प्रदान कर रही है, जिसका उद्देश्य देश में स्वच्छ, कुशल और दीर्घकालिक माल ढुलाई की गति को तेज़ करना है। केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी ने इस योजना के महत्व का उल्‍लेख करते हुए कहा कि डीज़ल ट्रक, कुल वाहनों की संख्या का केवल तीन प्रतिशत होने के बावजूद, परिवहन से संबंधित ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में 42 प्रतिशत का योगदान करते हैं और वायु प्रदूषण को काफ़ी बढ़ा देते हैं। सामर्थ्य को बढ़ावा देने के लिए, प्रोत्साहन राशि इलेक्ट्रिक ट्रक के सकल वाहन भार (जीवीडब्ल्यू) पर निर्भर करेगी, जिसकी अधिकतम प्रोत्साहन राशि प्रति वाहन 9.6 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
प्रश्न 30 15वां पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS) किस देश की राजधानी में आयोजित हुआ -
  • (अ) भारत
  • (ब) जापान
  • (स) मलेशिया
  • (द) इंडोनेशिया
उत्तर : मलेशिया
व्याख्या :
मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में शुक्रवार को 15वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) की विदेश मंत्रियों की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में ईएएस के सहयोग की समीक्षा की गई और भविष्य के रोडमैप को लेकर चर्चा की गई। नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार साझा किए। इस साल ईएएस अपनी 20वीं वर्षगांठ मना रहा है, जिसके चलते इसे और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। बैठक में 18 देशों के विदेश मंत्रियों या उनके प्रतिनिधियों और आसियान के महासचिव काओ किम होर्न ने हिस्सा लिया। तिमोर-लेस्ते पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। ईएएस एशिया-प्रशांत क्षेत्र का एक प्रमुख मंच है, जिसमें 10 आसियान देश (ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम) के अलावा भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस शामिल हैं।
प्रश्न 31 हाल ही में (जुलाई 2025 में) इसरो द्वारा गगनयान मिशन से संबंधित कौन-सा सिस्टम सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया -
  • (अ) क्रायोजेनिक इंजन
  • (ब) सर्विस मॉड्यूल प्रोपल्शन सिस्टम (SMPS)
  • (स) रॉकेट लॉन्च पेड
  • (द) नेविगेशन सिस्टम
उत्तर : सर्विस मॉड्यूल प्रोपल्शन सिस्टम (SMPS)
व्याख्या :
इसरो ने तीन जुलाई को महेंद्रगिरी स्थित अपने प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में गगनयान सर्विस मॉड्यूल प्रोपल्शन सिस्टम (एसएमपीएस) के दो सफल परीक्षण किए। ये छोटे अवधि के परीक्षण क्रमश: 30 सेकंड और 100 सेकंड तक चले। इसरो ने कहा कि इनका उद्देश्य परीक्षण आलेख के कान्फिगरेशन को प्रमाणित करना था। परीक्षण के दौरान प्रोपल्शन सिस्टम का समग्र प्रदर्शन पूर्व-टेस्ट पूर्वानुमानों के अनुसार सामान्य था। 100 सेकंड के परीक्षण के दौरान, विभिन्न मोड में सभी रिएक्शन कंट्रोल सिस्टम (आरसीएस) थ्रस्टर्स का समवर्ती संचालन और सभी लिक्विड अपोजी मोटर (एलएएम) इंजनों का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया गया।
प्रश्न 32 एप्पल के नए मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) कौन बने हैं -
  • (अ) सुंदर पिचाई
  • (ब) सबीह खान
  • (स) सत्य नडेला
  • (द) अरविंद कृष्णा
उत्तर : सबीह खान
व्याख्या :
दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शुमार एप्पल (Apple) ने भारतीय मूल के सबीह खान (Sabih Khan) को अपना नया मुख्य परिचालन अधिकारी (Chief Operating Officer-COO) बनाया है। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में जन्मे सबीह अब दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित कंपनियों में से एक की कमान संभालेंगे। सबीह ने अपने करियर की शुरुआत GE प्लास्टिक्स में की थी, जहाँ वह एप्लिकेशन डेवलपमेंट इंजीनियर और टेक्निकल लीडर की भूमिका में रहे।
प्रश्न 33 HCLSoftware द्वारा लॉन्च किया गया नया सॉवरेन AI समाधान क्या है -
  • (अ) CloudShield
  • (ब) Domino IQ
  • (स) NetSafe AI
  • (द) QuantumVault
उत्तर : Domino IQ
व्याख्या :
एचसीएलटेक की सॉफ्टवेयर इकाई HCLSoftware ने Domino 14.5 लॉन्च किया है—एक उन्नत प्लेटफ़ॉर्म जो सरकारों और विनियमित संगठनों के लिए डेटा संप्रभुता (Data Sovereignty) और डेटा गोपनीयता (Data Privacy) को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस नवीनतम संस्करण की प्रमुख विशेषता है Domino IQ, एक सॉवरेन एआई (Sovereign AI) समाधान, जिसे विशेष रूप से राष्ट्रीय और कॉर्पोरेट स्तर की संवेदनशील जानकारी को विदेशी हस्तक्षेप और पहुँच से सुरक्षित रखने के लिए विकसित किया गया है।
प्रश्न 34 चिंथा रविंद्रन पुरस्कार 2025 से किसे सम्मानित किया गया है -
  • (अ) सुधा मूर्ति
  • (ब) चेतन भगत
  • (स) शरणकुमार लिम्बाले
  • (द) अरुंधति रॉय
उत्तर : शरणकुमार लिम्बाले
व्याख्या :
मराठी लेखक और समीक्षक शरणकुमार लिम्बाले को चिंथा रविंद्रन पुरस्कार 2025 के लिए चुना गया है। इस पुरस्कार में नकद राशि, एक स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र शामिल है। यह सम्मान 26 जुलाई को कोझिकोड के के. पी. केशवमेनन हॉल में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा, जो चिंथा रविंद्रन की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।
प्रश्न 35 भारतीय मेजर कार्प्स मछलियों के सफल प्रजनन के पीछे किन वैज्ञानिकों का योगदान था -
  • (अ) डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन और डॉ. के.एम. मुंशी
  • (ब) प्रो. हीरालाल चौधरी और डॉ. के.एच. अलीकुन्ही
  • (स) डॉ. वर्गीस कुरियन और डॉ. कुरियन जोसेफ
  • (द) डॉ. वी.एन. सिंह और डॉ. आर.के. शर्मा
उत्तर : प्रो. हीरालाल चौधरी और डॉ. के.एच. अलीकुन्ही
व्याख्या :
देश की अर्थव्यवस्था में मत्स्य कृषकों और जलीय कृषि क्षेत्र के योगदान को मान्यता देने के लिए 2001 से हर साल 10 जुलाई को राष्ट्रीय मत्स्य कृषक दिवस मनाया जाता है। 1957 में इसी दिन प्रोफेसर हीरालाल चौधरी और डॉ. के.एच. अलीकुन्ही ने देश में भारतीय मेजर कार्प्स मछलियों के प्रजनन को सफलतापूर्वक प्रेरित किया था। प्रोफेसर हीरालाल चौधरी और डॉ. के.एच. अलीकुन्ही की सफलता ने देश में अंतर्देशीय जलीय कृषि में क्रांति ला दी।
प्रश्न 36 25वां राष्ट्रीय मत्स्य कृषक दिवस कब मनाया गया -
  • (अ) 1 जुलाई 2025
  • (ब) 5 जुलाई 2025
  • (स) 10 जुलाई 2025
  • (द) 15 जुलाई 2025
उत्तर : 10 जुलाई 2025
व्याख्या :
25वां राष्ट्रीय मत्स्य कृषक दिवस 2025, 10 जुलाई 2025 को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर)-केंद्रीय मीठाजल जलीय कृषि संस्थान (सीआईएफए), भुवनेश्वर में मनाया गया। इस समारोह का आयोजन मत्स्य पालन विभाग, केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा किया गया था।
प्रश्न 37 केंद्र सरकार ने किस संगठन के बॉन्ड को आयकर अधिनियम की धारा 54EC के तहत कर छूट प्रदान की है -
  • (अ) एनटीपीसी
  • (ब) भेल
  • (स) इरेडा
  • (द) एनएचपीसी
उत्तर : इरेडा
व्याख्या :
केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के वित्तपोषण करने वाली कंपनी भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (इरेडा) के बॉन्ड को आयकर अधिनियम की धारा 54ईसी के तहत कर-बचत का दर्जा प्रदान किया है। ये अधिसूचना 9 जुलाई, 2025 से प्रभावी हो गई है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की तरफ से गुरुवार को जारी बयान में बताया गया कि वित्त मंत्रालय के अधीन केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड द्वारा जारी बॉन्ड को आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 54ईसी के तहत ‘दीर्घकालिक निर्दिष्ट परिसंपत्ति’ के रूप में अधिसूचित किया है।
प्रश्न 38 टाटा मोटर्स और एनईएसटीएस का समझौता किस परीक्षा की तैयारी के लिए है -
  • (अ) यूपीएससी
  • (ब) जेईई/नीट
  • (स) एसएससी
  • (द) बैंकिंग परीक्षाएं
उत्तर : जेईई/नीट
व्याख्या :
जनजातीय कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में, राष्ट्रीय आदिवासी शिक्षा सोसाइटी (नेस्ट्स) ने समावेशी शिक्षा और आदिवासी युवाओं के सशक्तिकरण हेतु आईआईटी-जेईई और नीट परीक्षाओं की तैयारी के लिए टाटा मोटर्स लिमिटेड (टीएमएल) और पूर्व नवोदयन फाउंडेशन (ईएनएफ) के साथ त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। 9 जुलाई 2025 को हस्ताक्षरित इस ऐतिहासिक सहयोग का उद्देश्य एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) के छात्रों को अत्यधिक प्रतिस्पर्धी जेईई मेन/एडवांस्ड और नीट परीक्षाओं के लिए व्यापक कोचिंग प्रदान करना है।
प्रश्न 39 मुंबई में हाल ही में किस ब्रिज का नाम बदलकर 'सिंदूर ब्रिज' रखा गया है -
  • (अ) बांद्रा ब्रिज
  • (ब) कार्नैक ब्रिज
  • (स) मरीन ड्राइव ब्रिज
  • (द) एलिफेंटा ब्रिज
उत्तर : कार्नैक ब्रिज
व्याख्या :
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई में ‘सिंदूर ब्रिज’ का उद्घाटन किया। यह ब्रिज पहले कार्नैक ब्रिज के नाम से जाना जाता था। यह पुल दक्षिण मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ता है। इस ब्रिज का नाम बंबई प्रांत के पूर्व गवर्नर जेम्स रिवेट कार्नैक के नाम पर रखा गया था, जिन्होंने 1839 से 1841 तक इस पद पर कार्य किया था। अब इस पुल का नाम बदलकर (ऑपरेशन सिंदूर पर) ‘सिंदूर ब्रिज’ कर दिया गया है।
प्रश्न 40 पंजाब की ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के अंतर्गत हर परिवार को कितनी राशि का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा -
  • (अ) ₹5 लाख
  • (ब) ₹2 लाख
  • (स) ₹15 लाख
  • (द) ₹10 लाख
उत्तर : ₹10 लाख
व्याख्या :
पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने राज्य के सभी 65 लाख परिवारों के लिए 10 लाख रुपये की मुफ्त सार्वभौमिक स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की है।पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 8 जुलाई 2025 को चंडीगढ़ में आयोजित एक समारोह में ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ की घोषणा की। इस अवसर पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी उपस्थित थे। यह योजना महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को शुरू होने की उम्मीद है। इस सार्वभौमिक स्वास्थ्य योजना की घोषणा राज्य सरकार के 2025-26 के बजट में 778 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ की गई थी।

Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill