करेंट अफेयर्स : 18 अक्टूबर 2023


 1. ‘ग्लोबल हंगर इंडेक्स (जीएचआई) 2023’ में भारत का स्थान क्या है?

उत्तर: 111
ग्लोबल हंगर इंडेक्स (जीएचआई) 2023 में, भारत 125 देशों में से 111वें स्थान पर है, जो दर्शाता है कि भूख से निपटने में इसकी प्रगति 2015 के बाद से स्थिर हो गई है। 2023 ग्लोबल हंगर इंडेक्स में 28.7 के स्कोर के साथ, भारत में भूख का स्तर  ‘गंभीर’ के रूप में वर्गीकृत किया गया है। भारत की तुलना में, भारत के पड़ोसी देशों की स्थिति बेहतर है। इन देशों में  पाकिस्तान (102वां}, बांग्लादेश (81वां}, नेपाल (69वां}, श्रीलंका (60वां}  रैंक पर हैं। भारत सरकार ने ग्लोबल हंगर इंडेक्स-2023 को खारिज कर दिया है। सरकार ने इसे ‘भूख’ का गलत आकलन करार देते हुए कहा कि यह भारत की वास्तविक स्थिति को नहीं पेश करता है।  सरकार ने त्रुटिपूर्ण माप और दुर्भावनापूर्ण इरादे का हवाला देते हुए रैंकिंग को खारिज कर दिया।  केंद्र सरकार ने लगातार तीसरे वर्ष भारत के प्रदर्शन पर आपत्ति जताई है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने कहा कि सूचकांक गंभीर कार्यप्रणाली मुद्दों से ग्रसित है।
2. अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में भारत के विकास का अनुमान बढ़ाकर क्या कर दिया है?

उत्तर: 6.3 %
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने 10 अक्टूबर को भारत के लिए अपने वित्तीय वर्ष 2023-24 के विकास पूर्वानुमान में बढ़ोतरी की। पिछले अनुमान के अनुसार देश की विकास दर 6.1 प्रतिशत के बजाय 6.3 प्रतिशत रहने की संभावना है। इससे पहले, विश्व बैंक ने अक्टूबर में मजबूत सेवा गतिविधियों का हवाला देते हुए भारत की विकास दर का अनुमान 6.3 प्रतिशत पर बरकरार रखा था। सितंबर में एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने भी भारत की विकास दर 6.3 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था।
3. 82 किलोमीटर लंबी ‘पद्मा ब्रिज रेल लिंक परियोजना’ का उद्घाटन किस देश ने किया?

उत्तर: बांग्लादेश
बांग्लादेश की प्रधान मंत्री शेख हसीना ने मंगलवार को 82 किलोमीटर लंबे पद्मा ब्रिज रेल लिंक का उद्घाटन किया, जो चीन की बेल्ट एंड रोड पहल के तहत निर्मित देश की सबसे बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना है। इस परियोजना पर 39,246.80 करोड़ टका की लागत आने का अनुमान है, जिसमें चीन का एक्ज़िम बैंक 21,036.70 करोड़ टका का ऋण प्रदान करेगा।
4. कौन सा संगठन ‘पासपोर्ट टू अर्निंग (P2E)’ पहल संचालित करता है?

उत्तर: यूनिसेफ
‘पासपोर्ट टू अर्निंग (P2E)’ पहल को यूनिसेफ इंडिया, YuWaah और उनके भागीदारों ने 2022 में लॉन्च किया था। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप है और 15-24 वर्ष की आयु के युवाओं को मुफ्त, विश्व स्तरीय और नौकरी-प्रासंगिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान करती है।  P2E ने भारत में दस लाख से अधिक युवाओं को वित्तीय साक्षरता और डिजिटल उत्पादकता के क्षेत्रों में कुशल बनाया है।
5. इसरो के दूसरे स्पेसपोर्ट से जुड़ा कुलसेकरपट्टिनम किस राज्य में स्थित है?

उत्तर: तमिलनाडु
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का दूसरा स्पेसपोर्ट, तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले के कुलसेकरपट्टिनम में लगभग दो वर्षों में बनेगा। यह विशेष रूप से निजी क्षेत्र द्वारा विकसित छोटे उपग्रह प्रक्षेपण वाहनों (एसएसएलवी) के लिए समर्पित होगा। इसके लिए लगभग 2,000 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर इसरो को सौंप दिया गया है।

Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill