CA Quiz : 20-23 August 2025

Here we provide a Quiz of latest Current Affairs for upcoming exams. This quiz helps you to keep a watch on current happenings and may be useful for General Awareness part of IBPS Banking, SSC-CGL, Bank Clerical and other similar examinations.
प्रश्न 1 अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2025 में भारत की तपस्या ने किस देश की खिलाड़ी को हराकर 57 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता -
  • (अ) चीन – युकी लियू
  • (ब) नॉर्वे – फेलिसिटास डोमाजेवा
  • (स) जापान – रे होशिनो
  • (द) जर्मनी – जोसेफिन रेंच
उत्तर : नॉर्वे – फेलिसिटास डोमाजेवा
व्याख्या :
बुल्गारिया के समोकोव में, अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत की काजल दोचक ने स्वर्ण पदक जीता, वहीं श्रुति और सारिका ने कांस्य पदक जीते। मौजूदा अंडर-20 एशियाई चैंपियन, 17 वर्षीय काजल ने 72 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में चीन की युकी लियू को 8-6 से हराया। सारिका ने महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग में पोलैंड की इलोना वालचुक को हराकर कांस्य पदक जीता। जबकि श्रुति ने 50 किग्रा वर्ग में जर्मनी की जोसेफिन रेंच को 6-0 से हराया। पुरुषों के ग्रीको-रोमन 60 किग्रा वर्ग में, सूरज ने फ्रांस के लुकास गो ग्रासो को हराकर कांस्य पदक जीता। भारतीय महिला पहलवान तपस्या ने अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2025 में 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया है। तपस्या ने फाइनल में नॉर्वे की फेलिसिटास डोमाजेवा को 5-2 से हराया। महिलाओं के 68 किलोग्राम भार वर्ग में, सृष्टि को फाइनल में जापान की रे होशिनो से हार का सामना करना पड़ा। महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में, रीना को फाइनल में अमरीका की एवरेस्ट लेडेकर से 2-10 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उधर, 76 किग्रा वर्ग के फाइनल में प्रिया मलिक भी यूक्रेन की नादिया सोकोलोवस्का से हार गईं और उन्हें भी रजत पदक मिला।
प्रश्न 2 भारतीय मूल के उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल किस औद्योगिक समूह के संस्थापक थे -
  • (अ) टाटा ग्रुप
  • (ब) कैपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज
  • (स) मित्तल स्टील
  • (द) वेदांता ग्रुप
उत्तर : कैपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज
व्याख्या :
भारतीय मूल के दिग्गज ब्रिटिश उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल (94 वर्ष) का लंदन के एक अस्पताल में निधन हो गया। 18 फरवरी 1931 को पंजाब के जालंधर में पैदा हुए लॉर्ड स्वराज पॉल ब्रिटेन स्थित कैपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के संस्थापक थे। 60 के दशक में वे अपनी छोटी बेटी अंबिका के कैंसर के इलाज के लिए ब्रिटेन गए थे लेकिन 4 वर्षीय बेटी की मृत्यु के बाद उन्होंने एक धर्मार्थ ट्रस्ट के रूप में अंबिका पॉल फाउंडेशन की स्थापना की।
प्रश्न 3 सलीमा टेटे को किस प्रतियोगिता के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम का कप्तान बनाया गया है -
  • (अ) एशिया कप 2025
  • (ब) एफआईएच प्रो लीग
  • (स) ओलंपिक क्वालीफायर
  • (द) विश्व कप क्वालीफायर
उत्तर : एशिया कप 2025
व्याख्या :
अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को चीन के हांगचाओ में 5 से 14 सितंबर तक होने वाले एशिया कप के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान नियुक्त किया गया है। इस टूर्नामेंट की विजेता टीम को 2026 के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ-एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में सीधे प्रवेश मिलेगा। टीम अपने अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगी, उसके बाद 6 सितंबर को जापान से भिड़ेगी।
प्रश्न 4 श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को किस आरोप में गिरफ्तार किया गया -
  • (अ) राजनीतिक हिंसा में शामिल होने पर
  • (ब) सरकारी धन के दुरुपयोग पर
  • (स) भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी पर
  • (द) चुनावी धांधली पर
उत्तर : सरकारी धन के दुरुपयोग पर
व्याख्या :
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को कोलंबो में आपराधिक जाँच विभाग के समक्ष पेश होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। 2023 में लंदन की एक निजी यात्रा के लिए सरकारी धन के दुरुपयोग करने के आरोप में यह गिरफ्तारी हुई है। पुलिस का आरोप है कि 76 वर्षीय नेता अपनी पत्‍नी प्रोफेसर मैत्री विक्रमसिंघे के पीएचडी स्‍नातक समारोह में भागीदारी करने जब ब्रिटेन के वॉल्वरहैम्प्टन विश्वविद्यालय गए तो उन्‍होंने अपने खर्चों को पूरा करने के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल किया।
प्रश्न 5 भारतीय सशस्त्र बल कहाँ स्थित दोलुंगमुख फायरिंग रेंज में बड़े पैमाने पर अभ्यास करेंगे -
  • (अ) मणिपुर
  • (ब) असम
  • (स) नागालैंड
  • (द) सिक्किम
उत्तर : असम
व्याख्या :
भारतीय सशस्त्र बल अरुणाचल प्रदेश सीमा के पास, असम के लखीमपुर जिले में दुलुंग रिजर्व फॉरेस्ट में स्थित दोलुंगमुख फायरिंग रेंज में बड़े पैमाने पर अभ्यास शुरू करेंगे। 1 सितंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण अभियान में बम विस्फोट, रॉकेट प्रक्षेपण और हवाई शक्ति प्रदर्शन शामिल हैं।
प्रश्न 6 सरकार ने हाल ही में कितनी चिप डिजाइन परियोजनाओं को स्वीकृति दी है -
  • (अ) 12
  • (ब) 18
  • (स) 23
  • (द) 30
उत्तर : 23
व्याख्या :
सरकार ने देश में सेमीकंडक्‍टर डिजाइन क्षमताओं को बढ़ावा देने के लिए एक प्रोत्‍साहन योजना के तहत 23 चिप डिजाइन परियोजनाओं को स्‍वीकृति दी है। इन परियोजनाओं के माध्‍यम से निगरानी कैमरा, ऊर्जा मीटर, माइक्रोप्रोसेसर आईपी और नेटवर्किंग एप्लिकेशन के लिए स्‍वदेशी चिप और सिस्‍टम ऑन चिप का विकास किया जाएगा। इलेक्‍ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया है कि 72 कंपनियों को चिप डिजाइन परियोजनाओं के लिए इलेक्‍ट्रॉनिक डिजाइन ऑटोमेशन टूल उपलब्‍ध कराए गए हैं।
प्रश्न 7 भारत के पहले मानव रहित अंतरिक्ष मिशन गगनयान की पहली परीक्षण उड़ान कब होने की संभावना है -
  • (अ) अक्टूबर 2025
  • (ब) दिसंबर 2025
  • (स) मार्च 2026
  • (द) जुलाई 2025
उत्तर : दिसंबर 2025
व्याख्या :
भारत के पहले मानव रहित अंतरिक्ष मिशन- गगनयान की पहली परीक्षण उड़ान, अर्ध मानव रोबोट-व्‍योममित्र के साथ, इस वर्ष दिसंबर में होने की आशा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के अध्‍यक्ष वी.नारायणन ने नई दिल्‍ली में कहा किअब तक गगनयान के 80% यानि लगभग 7,700 परीक्षण हो चुके हैं। शेष 2,300 परीक्षण अगले वर्ष मार्च तक पूरे कर लिए जाएंगे।
प्रश्न 8 इजमोमाइक्रो ने कौन सी उन्नत तकनीक विकसित की है, जो AI और 5G/6G नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण है -
  • (अ) क्वांटम कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म
  • (ब) हाई-डेंसिटी सिलिकॉन फोटोनिक्स पैकेजिंग प्लेटफॉर्म
  • (स) ब्लॉकचेन आधारित डाटा प्रोटोकॉल
  • (द) स्वचालित चिप असेंबली मशीन
उत्तर : हाई-डेंसिटी सिलिकॉन फोटोनिक्स पैकेजिंग प्लेटफॉर्म
व्याख्या :
ऑटोमोटिव रिटेलिंग सॉल्यूशन प्रोवाइडर इजमो के स्पेशल डिविजन, इजमोमाइक्रो ने हाई-डेंसिटी वाले सिलिकॉन फोटोनिक्स पैकेजिंग प्लेटफॉर्म डेवलप किया, जिसके बाद शुक्रवार को कंपनी के शेयरों में 20 प्रतिशत का अपर सर्किट लगा। कंपनी की इस उपलब्धि के साथ देश की एंट्री नेक्सट-जनरेशन सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजीज में हो गई है। बेंगलुरु स्थित कंपनी ने घोषणा की कि यह इनोवेशन एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और फ्यूचर टेलीकॉम नेटवर्क को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण होगा। यह प्रगति हाइपरस्केल डेटा सेंटर, एआई क्लस्टर और नेक्सट जनरेशन 5जी और 6G नेटवर्क के लिए मापनीयता और दक्षता का समर्थन करती है।
प्रश्न 9 हाल ही में अमेरिका ने भारत में नया राजदूत किसे नियुक्त किया है -
  • (अ) एरिक गार्सेटी
  • (ब) सर्गियो गोर
  • (स) जॉन कैरी
  • (द) माइकल पेंस
उत्तर : सर्गियो गोर
व्याख्या :
अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने अपने करीबी सहायक सर्गियो गोर को भारत में अमरीका के राजदूत और दक्षिण एंव मध्‍य एशिया कार्यों के लिए विशेष दूत के रूप में नियुक्‍त करने क‍ी घोषणा की है। ट्रूथ सोशल पर एक पोस्‍ट के माध्‍यम से घोषणा करते हुए राष्‍ट्रपति ट्रंप ने कहा कि दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्र के लिए उन्‍हें ऐसे व्‍यक्ति क‍ी जरूरत थी जो उनकी योजना के अनुरूप कार्य कर सके और अमरीका को फिर से महान बनाने में मदद कर सके।
प्रश्न 10 अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (IBCA) को किस अधिनियम के तहत विशेषाधिकार दिए गए हैं -
  • (अ) पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986
  • (ब) जैव विविधता अधिनियम, 2002
  • (स) संयुक्त राष्ट्र विशेषाधिकार और उन्मुक्ति अधिनियम, 1947
  • (द) वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972
उत्तर : संयुक्त राष्ट्र विशेषाधिकार और उन्मुक्ति अधिनियम, 1947
व्याख्या :
सरकार ने संयुक्त राष्ट्र विशेषाधिकार और उन्मुक्ति अधिनियम, 1947 के तहत अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस, उसके प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों को विशेषाधिकार और बचाव का प्रावधान देने वाली अधिसूचना जारी की है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस संबंध में जानकारी दी है। उन्‍होंने कहा है कि यह महत्वपूर्ण कदम बड़ी बिल्लियों यानी बाघ, शेर, तेंदुआ, जगुआर, प्यूमा और चीता के संरक्षण के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने में भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भूपेंद्र यादव के मुताबिक, 17 अप्रैल, 2025 को भारत सरकार ने आईबीसीए के साथ मेजबान देश करार पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत भारत में इस संगठन की स्थापना की गई।
प्रश्न 11 एशिया-प्रशांत प्रसारण विकास संस्थान (AIBD) की 23वीं महासभा कहाँ आयोजित की गई -
  • (अ) नई दिल्ली, भारत
  • (ब) फुकेट, थाईलैंड
  • (स) बीजिंग, चीन
  • (द) काठमांडू, नेपाल
उत्तर : फुकेट, थाईलैंड
व्याख्या :
एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए भारत को एशिया-प्रशांत प्रसारण विकास संस्थान (एआईबीडी) के कार्यकारी बोर्ड का अध्यक्ष चुना गया है। यह चुनाव 19–21 अगस्त 2025 के बीच फुकेट, थाईलैंड में आयोजित एआईबीडी की 23वीं महासभा के दौरान हुआ और भारत ने सर्वाधिक मत प्राप्त किए। यह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि भारत ने आखिरी बार 2016 में एआईबीडी कार्यकारी परिषद अध्यक्ष का पद संभाला था। एआईबीडी की स्थापना वर्ष 1977 में यूनेस्को के तत्वावधान में की गई थी। यह एक अनूठा क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है। वर्तमान में इसके 45 देशों से 92 से अधिक सदस्य संगठन जुड़े हैं।
प्रश्न 12 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में कितनी लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया -
  • (अ) 4,200 करोड़ रुपये
  • (ब) 5,200 करोड़ रुपये
  • (स) 6,000 करोड़ रुपये
  • (द) 7,500 करोड़ रुपये
उत्तर : 5,200 करोड़ रुपये
व्याख्या :
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 5,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने विश्व स्तरीय बुनियादी ढाँचे और विकसित शहरी संपर्क के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, कोलकाता में मेट्रो रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन किया। 13.61 किलोमीटर लंबे नवनिर्मित मेट्रो नेटवर्क का उद्घाटन किया जाएगा और इन मार्गों पर मेट्रो सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
प्रश्न 13 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गया (बिहार) में लगभग कितने करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया -
  • (अ) 10,000 करोड़ रुपये
  • (ब) 13,000 करोड़ रुपये
  • (स) 15,000 करोड़ रुपये
  • (द) 20,000 करोड़ रुपये
उत्तर : 13,000 करोड़ रुपये
व्याख्या :
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बिहार के गया में लगभग 13 हज़ार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। ये परियोजनाएँ बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शहरी विकास और जल आपूर्ति सहित कई क्षेत्रों से संबंधित हैं। श्री मोदी ने गया और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और वैशाली तथा कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।
प्रश्न 14 “कॉट इन प्रोविडेंस” नामक टीवी शो किस जज से जुड़ा था जिनका हाल ही में (अगस्त 2025 में) निधन हो गया -
  • (अ) जस्टिस रॉबर्ट ब्राउन
  • (ब) फ्रैंक कैप्रियो
  • (स) जॉर्ज स्मिथ
  • (द) जेम्स एंडरसन
उत्तर : फ्रैंक कैप्रियो
व्याख्या :
दुनियाभर में मशहूर अमेरिकी जज फ्रैंक कैप्रियो का 88 साल की उम्र में निधन हो गया है। दिसंबर 2023 में उन्हें पैंक्रियाटिक कैंसर डिटेक्ट हुआ था, जिसके बाद से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था। बता दें कि लोग उन्हें अमेरिका के सबसे दयालु जज भी कहते थे। फ्रैंक कैप्रियो को दुनिया भर के लोग इसलिए याद करते हैं क्योंकि उन्होंने अपने कोर्टरूम को इंसाफ के साथ-साथ इंसानियत की मिसाल बना दिया। साल 1936 में रोड आइलैंड के प्रोविडेंस में जन्मे कैप्रियो ने कई दशकों तक बतौर म्युनिसिपल जज सेवाएं दीं। हालांकि, उन्हें असली लोकप्रियता तब मिली जब उनकी अदालत को टीवी पर प्रसारित किया जाने लगा। ‘कॉट इन प्रोविडेंस’ 2018 से 2020 के बीच राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित हुआ और इस शो को कई डे टाइम एमी अवॉर्ड्स के लिए नामांकित किया गया। शो का मूल संदेश यही था कि न्याय केवल सजा देने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें करुणा, सम्मान और मानवीय गरिमा का समावेश होना चाहिए।
प्रश्न 15 अक्षय ऊर्जा दिवस किस तिथि को मनाया जाता है -
  • (अ) 20 अगस्त
  • (ब) 21 अगस्त
  • (स) 15 अगस्त
  • (द) 25 अगस्त
उत्तर : 20 अगस्त
व्याख्या :
अक्षय ऊर्जा दिवस हर वर्ष 20 अगस्त को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व को रेखांकित करना है, ताकि देश एक सतत और पर्यावरण-संवेदनशील भविष्य की ओर अग्रसर हो सके। यह दिन पूरे भारत में मनाया जाता है और इसका संबंध पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती से भी है।
प्रश्न 16 अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पीड़ित दिवस 2025 कब मनाया गया -
  • (अ) 20 अगस्त
  • (ब) 21 अगस्त
  • (स) 22 अगस्त
  • (द) 15 अगस्त
उत्तर : 21 अगस्त
व्याख्या :
विश्वभर में 21 अगस्त 2025 को आतंकवाद के पीड़ितों को श्रद्धांजलि और स्मरण का अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जा रहा है, जो अब अपने आठवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। यह गंभीर दिवस उन निर्दोष जीवनों को याद करने का अवसर देता है जो आतंकवादी घटनाओं में खो गए, साथ ही जीवित बचे लोगों की दृढ़ता को सम्मानित करने और शांति, न्याय तथा एकजुटता के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को पुनः दृढ़ करने का भी। इस वर्ष की थीम “आशा से एकजुट: आतंकवाद के पीड़ितों के लिए सामूहिक कार्य” यह रेखांकित करती है कि प्रभावित लोगों का सहारा बनने और ऐसा भविष्य बनाने में एकता की शक्ति कितनी महत्वपूर्ण है, जहाँ ऐसी हिंसा फिर कभी न दोहराई जाए।
प्रश्न 17 हाल ही में (अगस्त 2025 में) कार्लोस अल्काराज़ ने कौन-सा खिताब जीता -
  • (अ) विम्बलडन ओपन
  • (ब) सिनसिनाटी ओपन
  • (स) ऑस्ट्रेलियन ओपन
  • (द) यूएस ओपन
उत्तर : सिनसिनाटी ओपन
व्याख्या :
स्पेनिश टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज़ ने अपना पहला सिनसिनाटी ओपन खिताब जीता, जब उनके प्रतिद्वंद्वी जैनिक सिनर को फाइनल में केवल 23 मिनट में ही रिटायर होना पड़ा। इस जीत से अल्काराज़ को 2025 का छठा खिताब, उनके करियर की 22वीं टूर-स्तरीय ट्रॉफी और आठवां एटीपी मास्टर्स 1000 का ताज मिला – जो नोवाक जोकोविच के अलावा सक्रिय खिलाड़ियों में सबसे अधिक है।
प्रश्न 18 ‘प्रेस सेवा’ पोर्टल किस संस्था द्वारा लॉन्च किया गया है -
  • (अ) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय
  • (ब) प्रेस महापंजीयक (PRGI)
  • (स) निति आयोग
  • (द) इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्रालय
उत्तर : प्रेस महापंजीयक (PRGI)
व्याख्या :
भारत में पारदर्शिता बढ़ाने और प्रक्रियागत देरी को कम करने के उद्देश्य से भारत के प्रेस रजिस्ट्रार जनरल (PRGI) ने ‘प्रेस सेवा’ पोर्टल लॉन्च किया है। यह डिजिटल सिंगल-विंडो प्लेटफ़ॉर्म देशभर में अख़बारों और पत्रिकाओं के पंजीकरण को सरल और तेज़ बनाने के लिए तैयार किया गया है। यह पहल सरकार के मीडिया गवर्नेंस के आधुनिकीकरण और प्रकाशकों के लिए ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस को बढ़ावा देने के प्रयासों का हिस्सा है।
प्रश्न 19 ‘अन्न-चक्र’ उपकरण का मुख्य उद्देश्य क्या है -
  • (अ) किसानों को सीधी सब्सिडी देना
  • (ब) पीडीएस आपूर्ति श्रृंखला को आधुनिक बनाना
  • (स) खाद्यान्न निर्यात बढ़ाना
  • (द) कृषि अनुसंधान को बढ़ावा देना
उत्तर : पीडीएस आपूर्ति श्रृंखला को आधुनिक बनाना
व्याख्या :
भारत की खाद्य आपूर्ति प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारत सरकार ने “अन्न-चक्र” आपूर्ति श्रृंखला अनुकूलन उपकरण को 31 लक्षित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों (यूटी) में से 30 में लागू कर दिया है। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को तकनीक आधारित लॉजिस्टिक्स के माध्यम से सुव्यवस्थित करना है। अनुमान है कि इससे हर साल लगभग ₹250 करोड़ की बचत होगी और पर्यावरणीय प्रभाव भी कम होगा। “अन्न-चक्र” एक रूट ऑप्टिमाइजेशन और लॉजिस्टिक्स प्रबंधन उपकरण है, जिसे पीडीएस लॉजिस्टिक्स और खाद्यान्न परिवहन की दक्षता बढ़ाने के लिए विकसित किया गया है।
प्रश्न 20 पराग अग्रवाल द्वारा लॉन्च किए गए स्टार्टअप का नाम क्या है -
  • (अ) वेब एजेंट्स
  • (ब) पैरेलल वेब सिस्टम्स
  • (स) वर्चुअल वेब नेटवर्क
  • (द) एआई वेब इंडिया
उत्तर : पैरेलल वेब सिस्टम्स
व्याख्या :
साल 2022 में Twitter को खरीदने के बाद एलन मस्क ने पराग अग्रवाल को सीईओ के पद से हटा दिया था और उन्हें कंपनी से जाना पड़ा था। पराग अग्रवाल, जो कभी ट्विटर के शीर्ष पद पर काम कर चुके हैं, हाल ही में पैरेलल वेब सिस्टम्स नामक एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप लॉन्च किया है। जो एआई एजेंट्स को इंसानों की तरफ से काम पूरा करने में मदद करने पर केंद्रित है।
प्रश्न 21 गृह मंत्रालय ने किस नगर का नाम बदलकर ‘परशुरामपुरी’ कर दिया है -
  • (अ) अयोध्या
  • (ब) वाराणसी
  • (स) जलालाबाद (शाहजहाँपुर)
  • (द) प्रयागराज
उत्तर : जलालाबाद (शाहजहाँपुर)
व्याख्या :
संस्कृति और धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए, गृह मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर ज़िले के जलालाबाद नगर का नाम बदलकर आधिकारिक रूप से “परशुरामपुरी” कर दिया है। इस घोषणा को 20 अगस्त 2025 को क्षेत्र से ही आने वाले केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने सार्वजनिक किया।
प्रश्न 22 NCERT ने ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष मॉड्यूल किस कक्षा के विद्यार्थियों के लिए जारी किए हैं -
  • (अ) कक्षा 1 से 10 तक
  • (ब) कक्षा 3 से 12 तक
  • (स) कक्षा 6 से 12 तक
  • (द) केवल स्नातक विद्यार्थियों के लिए
उत्तर : कक्षा 3 से 12 तक
व्याख्या :
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने ऑपरेशन सिन्दूर पर नए पाठ्यक्रम मॉड्यूल जारी किए हैं, जिसे एक “साहस की गाथा” और भारत की आतंकवाद के विरुद्ध सैन्य व राजनीतिक प्रतिक्रिया में एक परिवर्तनकारी क्षण बताया गया है। ये मॉड्यूल कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए तैयार किए गए हैं, जिनमें मई 2025 में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में आतंकी शिविरों पर की गई सटीक कार्रवाइयों की घटनाओं और उनके बाद के परिप्रेक्ष्य को शामिल किया गया है। ऑपरेशन सिन्दूर को 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों (जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था) की हत्या आतंकवादी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) द्वारा की गई थी।
प्रश्न 23 मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज किसने जीता -
  • (अ) हर्नाज़ संधू
  • (ब) मनिका विश्वकर्मा
  • (स) मानुषी छिल्लर
  • (द) नादिया फरेरा
उत्तर : मनिका विश्वकर्मा
व्याख्या :
राजस्थान के गंगानगर की मॉडल मनिका विश्वकर्मा को जयपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज पहनाया गया। इस जीत के साथ ही मनिका अब इस वर्ष थाईलैंड में होने वाली 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का खिताब जीतकर उन्होंने राष्ट्रीय मंच तक का रास्ता बनाया। 50 प्रतियोगियों के बीच प्रतिस्पर्धा कर मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज हासिल किया।
प्रश्न 24 त्रिबेनी राय की पहली फीचर फिल्म का नाम क्या है जिसे बुसान फिल्मोत्सव में चुना गया है -
  • (अ) मोमो की कहानी
  • (ब) शेप ऑफ मोमो
  • (स) स्पिरिट ऑफ मोमो
  • (द) ड्रीम ऑफ मोमो
उत्तर : शेप ऑफ मोमो
व्याख्या :
त्रिबेनी राय की पहली फीचर फिल्‍म- शेप ऑफ मोमो को बुसान अंतर्राष्‍ट्रीय फिल्‍मोत्‍सव के विजन सेक्‍शन के लिए आधिकारिक रूप से चुना गया है। दक्षिण कोरिया के बुसान में हर साल आयोजित होने वाला यह एशिया में सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित फिल्‍मोत्‍सव है। इसका उद्देश्‍य एशियाई सिनेमा को विश्‍व से जोडना है। इसके विजन सेक्‍शन में एशिया के उभरते और कुछ हद तक अनुभवी तथा सा‍हसिक और मूल्‍य कहानियों को दर्शाया जाता है। शेप ऑफ मोमो को सितम्‍बर में सेन स्‍बेस्टियन अंतर्राष्‍ट्रीय फिल्‍मोत्‍सव में भी दिखाया जाएगा।
प्रश्न 25 नासा द्वारा खोजे गए यूरेनस के 29वें नए उपग्रह का नाम क्या रखा गया -
  • (अ) एस/2025 यू1
  • (ब) एस/2025 एम1
  • (स) एस/2024 यू2
  • (द) एस/2026 एक्स1
उत्तर : एस/2025 यू1
व्याख्या :
नासा ने घोषणा की है कि जेम्‍स वेब स्‍पेस टेलिस्‍कोप ने एक नए यूरेनस के 29वें उपग्रह की खोज की है। इसका नाम एस/2025 यू1 दिया गया है। नासा के अनुसार दक्षिण-पश्चिम अनुसंधान संस्‍थान-एसडब्लूआरआई के नेतृत्‍व में एक टीम ने 2 फरवरी 2025 को इस चन्‍द्रमा की पहचान की। इससे ग्रह के ज्ञात उपग्रह परिवार की संख्‍या बढ़कर 29 हो गई है। चन्‍द्रमा का व्‍यास अनुमानित सिर्फ 10 किलोमीटर है। यह ग्रह से लगभग 56 हजार किलोमीटर की दूरी पर परिक्रमा करता है।
प्रश्न 26 “द कुंज” किस विरासत को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है -
  • (अ) भारतीय संगीत
  • (ब) भारतीय हस्तशिल्प और हथकरघा
  • (स) भारतीय साहित्य
  • (द) भारतीय चित्रकला
उत्तर : भारतीय हस्तशिल्प और हथकरघा
व्याख्या :
केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने नई दिल्ली के वसंत कुंज में नेल्सन मंडेला मार्ग पर प्लॉट संख्या 8 में प्रमुख खुदरा और सांस्कृतिक स्थल “द कुंज” का उद्घाटन किया। यह भारतीय हस्तशिल्प और हथकरघा की विविध विरासत का उत्सव मनाने और उसे बढ़ावा देने के लिए समर्पित पहल है। यह विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय द्वारा परिकल्पित और विकसित, 'द कुंज' अपनी तरह की अनूठी पहल है। इसका उद्देश्य कारीगरों को सशक्त बनाना, बाजार तक पहुँच बढ़ाना और डिज़ाइन-आधारित, अनुभवात्मक दृष्टिकोण से शिल्प क्षेत्र की पुनर्कल्पना करना है।
प्रश्न 27 हाल ही में (अगस्त 2025 में) दिल्ली के नए पुलिस आयुक्त कौन बने -
  • (अ) एसबीके सिंह
  • (ब) संजय अरोड़ा
  • (स) सतीश गोलचा
  • (द) राकेश अस्थाना
उत्तर : सतीश गोलचा
व्याख्या :
केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय (एमएचए) ने गुरुवार को एक आदेश जारी किया जिसके मुताबिक गोलचा तुरंत अपना कार्यभार संभालेंगे और अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।
प्रश्न 28 शहीद कैप्टन तुषार महाजन किस स्थान पर हुए आतंकवादी हमले में शहीद हुए थे -
  • (अ) पुलवामा
  • (ब) पम्पोर
  • (स) उधमपुर
  • (द) पहलगाम
उत्तर : पम्पोर
व्याख्या :
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं में जम्मू-कश्मीर का उधमपुर क्षेत्र हमेशा अहम रहा है। इसी क्रम में रेलवे स्टेशन का नामकरण ‘शहीद कैप्टन तुषार महाजन’ (एमसीटीएम) के नाम पर किया गया है, जो इस मिट्टी के बहादुर सपूत थे। बता दें कि 21 फरवरी 2016 को जम्मू-कश्मीर के पम्पोर में शहीद कैप्टन तुषार महाजन ने आतंकवादियों से डटकर मुकाबला किया था।
प्रश्न 29 संसद का मानसून सत्र 2025 कब शुरू होकर कब तक चला -
  • (अ) 15 जून से 15 जुलाई
  • (ब) 21 जुलाई से 21 अगस्त
  • (स) 1 अगस्त से 1 सितम्बर
  • (द) 10 जुलाई से 10 अगस्त
उत्तर : 21 जुलाई से 21 अगस्त
व्याख्या :
संसद का मानसून सत्र 2025 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। यह सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 21 अगस्त तक चला। इस दौरान 32 दिनों में कुल 21 बैठकें हुईं। सत्र में 14 विधेयक लोकसभा में पेश किए गए, एक विधेयक वापस लिया गया और 15 विधेयक लोकसभा और राज्यसभा दोनों से पारित हुए। सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तृत बहस शामिल रही। सत्र में कई अहम विधेयक पारित किए गए, जिनमें आयकर (संशोधन) विधेयक 2025, राष्ट्रीय खेल संचालन विधेयक 2025, ऑनलाइन गेमिंग (प्रोत्साहन और विनियमन) विधेयक 2025, पोर्ट्स और शिपिंग से जुड़े पांच विधेयक, भारतीय प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक 2025 और खनन एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2025 शामिल हैं। दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक 2025 और जन विश्वास (संशोधन) विधेयक 2025 को चयन समिति के पास भेजा गया, जबकि संविधान (130वां संशोधन) विधेयक 2025, केंद्रशासित प्रदेश शासन (संशोधन) विधेयक 2025 और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2025 को संयुक्त समिति को सौंपा गया। इसके अलावा मणिपुर में राष्ट्रपति शासन को 13 अगस्त 2025 से अगले छह महीने के लिए बढ़ाने की मंजूरी दी गई और राज्य का बजट एवं विनियोग विधेयक भी पारित किया गया। लोकसभा की उत्पादकता लगभग 31 प्रतिशत रही, जिसमें 120 घंटे के कुल समय में से केवल 37 घंटे की ही कार्यवाही हो पाई, जबकि राज्यसभा की उत्पादकता लगभग 39 प्रतिशत रही, जिसमें कुल 41 घंटे 15 मिनट तक ही काम हो पाया।
प्रश्न 30 पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 की मेजबानी कौन सा राज्य करेगा -
  • (अ) पंजाब
  • (ब) ओडिशा
  • (स) बिहार
  • (द) हरियाणा
उत्तर : बिहार
व्याख्या :
हॉकी इंडिया ने 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक बिहार के राजगीर में होने वाले पुरुष हॉकी एशिया कप के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में चुनी गई इस टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण है। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी कृष्ण बी पाठक और सूरज करकेरा संभालेंगे। रक्षात्मक पंक्ति में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के साथ अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय और जुगराज सिंह शामिल हैं।
प्रश्न 31 वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन किस शहर में होगा -
  • (अ) मुंबई
  • (ब) भोपाल
  • (स) नई दिल्ली
  • (द) जयपुर
उत्तर : नई दिल्ली
व्याख्या :
भारत पहली बार वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 की मेजबानी करने जा रहा है। यह देश में अब तक आयोजित होने वाला सबसे बड़ा पैरा-खेल आयोजन होगा, जिसमें 104 देशों से 2,500 से अधिक पैरा-एथलीट और सपोर्ट स्टाफ हिस्सा लेंगे। यह चैम्पियनशिप 27 सितंबर से 5 अक्टूबर 2025 तक नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी। इस दौरान पुरुष, महिला और मिक्स श्रेणी में कुल 186 पदक मुकाबले होंगे।
प्रश्न 32 पहला खेलो इंडिया जल क्रीड़ा महोत्सव कहाँ आयोजित किया जा रहा है -
  • (अ) नैनी झील
  • (ब) डल झील
  • (स) चिल्का झील
  • (द) वूलर झील
उत्तर : डल झील
व्याख्या :
जम्मू कश्मीर में तीन दिवसीय खेलो इंडिया जल क्रीड़ा महोत्सव 21 अगस्त से 23 अगस्त तक डल झील में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन को जम्मू-कश्मीर की संस्कृति और पारिस्थितिकी के उत्सव रूप में देखा जा रहा है। महोत्सव का शुभंकर साहस, ऊर्जा और प्रकृति से गहरे जुड़ाव को दर्शाने वाले हिमालयी किंगफिशर से प्रेरित है। 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 500 से अधिक एथलीट नौकायन, कैनोइंग और कयाकिंग जैसे खेल आयोजनों में भाग लेंगे। महोत्सव में वाटर स्कीइंग, ड्रैगन बोट और शिकारा रेस जैसे प्रदर्शन कार्यक्रम भी शामिल हैं। भारतीय खेल प्राधिकरण और जम्मू-कश्मीर खेल परिषद द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह खेल सरकार की ‘खेलो भारत’ नीति के तहत आयोजित किये जा रहे हैं। 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के चार सौ से ज़्यादा खिलाड़ी तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नौकायन, कयाकिंग और कैनोइंग में 24 स्वर्ण पदकों के लिए स्पर्धा करेंगे।
प्रश्न 33 नोमुरा ने वित्त वर्ष 2026 के लिए भारत की आर्थिक विकास दर का अनुमान कितना रखा है -
  • (अ) 5.5%
  • (ब) 6.2%
  • (स) 6.8%
  • (द) 7.1%
उत्तर : 6.2%
व्याख्या :
दिग्गज जापानी ब्रोकिंग फर्म नोमुरा ने वित्त वर्ष 26 के लिए भारत की आर्थिक विकास दर के अनुमान को 6.2 प्रतिशत और खुदरा महंगाई दर के अनुमान को 2.7 प्रतिशत पर बरकरार रखा है। नोमुरा की ओर से आउटलुक ऐसे समय पर जारी किया गया है, जब भारत सरकार वस्तु और सेवा कर (जीएसटी) में बड़े सुधारों का ऐलान कर चुकी है, जिससे अर्थव्यवस्था में बड़े स्तर पर उपभोग में इजाफा हो सकता है।
प्रश्न 34 भारत और यूरेशियाई आर्थिक संघ ने किस समझौते की वार्ता शुरू करने के लिए संदर्भ शर्तों पर हस्ताक्षर किए -
  • (अ) रक्षा सहयोग समझौता
  • (ब) मुक्त व्यापार समझौता
  • (स) सांस्कृतिक आदान-प्रदान समझौता
  • (द) ऊर्जा सहयोग समझौता
उत्तर : मुक्त व्यापार समझौता
व्याख्या :
भारत और यूरेशियाई आर्थिक संघ ने मुक्‍त व्‍यापार समझौते पर वार्ता का शुभारम्‍भ करने के लिए संदर्भ शर्तों पर हस्‍ताक्षर किए। पांच देशों के समूह यूरेशियाई आर्थिक संघ में रूस, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और आर्मेनिया शामिल हैं। संदर्भ शर्तों पर वाणिज्‍य विभाग के अपर सचिव अजय भादू और यूरेशियाई आर्थिक आयोग में व्‍यापार नीति विभाग के उप-निदेशक मिखाइल चेरेकेव ने मॉस्‍को में हस्‍ताक्षर किए।
प्रश्न 35 हाल ही में (अगस्त 2025 में) भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने ग्राहक सत्यापन के लिए किस कंपनी के साथ सहयोग किया है -
  • (अ) गूगल
  • (ब) अमेज़न वेब सर्विसेज
  • (स) स्टारलिंक
  • (द) रिलायंस जियो
उत्तर : स्टारलिंक
व्याख्या :
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने उपग्रह आधारित इंटरनेट प्रदाता स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड को अपने साथ जोड़ लिया है। स्टारलिंक ग्राहक सत्यापन के लिए आधार प्रमाणीकरण का उपयोग करेगा। इससे पूरी प्रक्रिया सुचारू, सुरक्षित और बहुत आसान हो जाएगी। सबसे विश्वसनीय डिजिटल पहचान प्रणालियों में से एक आधार यह सुनिश्चित करेगा कि ग्राहक की ऑनबोर्डिंग (किसी नए कर्मचारी को कंपनी में शामिल करने और उसे उसकी भूमिका, जिम्मेदारियों, कंपनी की संस्कृति और काम के माहौल से परिचित कराने की प्रक्रिया) त्वरित, कागज रहित हो तथा अपने ग्राहक पहचान पुष्टि (केवाईसी) मानदंडों के अनुरूप हो।
प्रश्न 36 ‘अग्नि-5’ मिसाइल की मारक क्षमता कितनी है -
  • (अ) 700 किमी
  • (ब) 2,000 किमी
  • (स) 4,000 किमी
  • (द) 5,000 किमी से अधिक
उत्तर : 5,000 किमी से अधिक
व्याख्या :
भारत ने बुधवार को अपनी सबसे उन्नत मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल ‘अग्नि-5’ का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज से स्ट्रैटेजिक फोर्सेज कमांड की देखरेख में किया गया। ‘अग्नि-5’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी 5,000 किलोमीटर से अधिक की मारक क्षमता है, यानी यह मिसाइल एशिया महाद्वीप के लगभग सभी देशों और यूरोप के कुछ हिस्सों तक आसानी से पहुंच सकती है। यह आधुनिक नेविगेशन, मार्गदर्शन और पुन: प्रवेश प्रणाली से लैस है। साथ ही यह परमाणु और पारंपरिक दोनों प्रकार के वारहेड ले जाने में सक्षम है। डीआरडीओ द्वारा विकसित यह मिसाइल पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है और सड़क-गतिशील (रोड-मोबाइल) लॉन्चर से भी दागी जा सकती है।
प्रश्न 37 उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक के अंतर्गत किस प्राधिकरण का गठन होगा -
  • (अ) उत्तराखंड मदरसा बोर्ड
  • (ब) उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण
  • (स) राज्य उच्च शिक्षा प्राधिकरण
  • (द) राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग
उत्तर : उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण
व्याख्या :
उत्तराखंड विधानसभा ने अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को मान्यता देने वाले उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक को मंजूरी दे दी है। चमोली जिले के भराड़ीसैंण में आयोजित विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के हंगामे के बीच आज यह विधेयक पारित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अभी तक अल्पसंख्यक संस्थानों को मान्यता देने की प्रक्रिया केवल एक समुदाय तक सीमित थी। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के अंतर्गत प्रदेश में उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया जाएगा। अब मुस्लिम, सिख, जैन, ईसाई, बौद्ध और पारसी समुदाय के शैक्षिक संस्थानों को मान्यता लेने के लिए इसी प्राधिकरण से स्वीकृति लेनी होगी।
प्रश्न 38 सौर ऊर्जा उत्पादन में भारत किस स्थान पर पहुँच गया है -
  • (अ) प्रथम
  • (ब) द्वितीय
  • (स) तृतीय
  • (द) चतुर्थ
उत्तर : तृतीय
व्याख्या :
भारत स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता के मामले में विश्व में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इसके साथ देश पवन ऊर्जा में विश्व का चौथा सबसे बड़ा उत्पादक बन गया है। यह जानकारी मंगलवार को सरकार की ओर से दी गई। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय नवीकरणीय ऊर्जा एजेंसी (आईआरईएनए) के हवाले से बताया कि देश स्थापित अक्षय ऊर्जा के मामले में विश्व में चौथे, पवन ऊर्जा में चौथे और सौर ऊर्जा में तीसरे स्थान पर है। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत ने 1,08,494 गीगावाट घंटा सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जो जापान के 96,459 गीगावाट घंटा से अधिक है। इस दौरान देश की सोलर मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता 38 गीगावाट से बढ़कर 74 गीगावाट हो गई है। भारत की कुल स्थापित विद्युत क्षमता 484.82 गीगावाट में नवीकरणीय ऊर्जा का योगदान अब 50.07 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
प्रश्न 39 ऑनलाइन गेमिंग विधेयक में ई-स्पोर्ट्स को किस श्रेणी में रखा गया है -
  • (अ) मनी गेम्स
  • (ब) रणनीतिक और टीम-वर्क आधारित खेल
  • (स) जुआ
  • (द) केवल बच्चों के लिए खेल
उत्तर : रणनीतिक और टीम-वर्क आधारित खेल
व्याख्या :
लोकसभा ने बुधवार को ऑनलाइन गेमिंग के प्रोत्साहन और विनियमन विधेयक पारित कर दिया। इस विधेयक का उद्देश्य ई-स्पोर्ट्स और ऑनलाइन सोशल गेम्स को बढ़ावा देना है, जबकि ऑनलाइन मनी गेम्स यानी पैसों से जुड़े खेलों, उनसे जुड़ी सेवाओं, विज्ञापनों और वित्तीय लेनदेन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाना है। विधेयक पेश करते हुए केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सरकार का मकसद समाज की सुरक्षा करते हुए वैध ऑनलाइन गेमिंग को बढ़ावा देना है। यह विधेयक ध्वनिमत (voice vote) से पारित हुआ। वैष्णव ने ऑनलाइन गेमिंग को तीन हिस्सों में बांटा। पहला ई-स्पोर्ट्स, जिसमें रणनीतिक सोच, टीम वर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान शामिल हैं। दूसरा ऑनलाइन सोशल गेम्स जैसे सॉलिटेयर, शतरंज और सुडोकू, जिन्हें शिक्षाप्रद और मनोरंजक माना गया। तीसरा हिस्सा ऑनलाइन मनी गेम्स है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। इन खेलों से नशे की लत, आर्थिक नुकसान, धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और यहां तक कि आतंकवाद को भी बढ़ावा मिला है।
प्रश्न 40 संविधान (130वाँ संशोधन) विधेयक, 2025 का मुख्य प्रावधान क्या है -
  • (अ) लोकसभा और राज्यसभा को भंग करने की प्रक्रिया
  • (ब) गंभीर अपराधों में 30 दिन की हिरासत पर प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री को हटाना
  • (स) चुनाव आयोग के पुनर्गठन से संबंधित
  • (द) राष्ट्रपति के निर्वाचन की प्रक्रिया
उत्तर : गंभीर अपराधों में 30 दिन की हिरासत पर प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री को हटाना
व्याख्या :
संविधान (एक सौ तीसवाँ संशोधन) विधेयक, 2025, केंद्र शासित प्रदेश सरकार (संशोधन) विधेयक, 2025 और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2025 लोकसभा में पेश किए गए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में विशेष गहन संशोधन प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के विरोध के बीच ये विधेयक पेश किए। संविधान (130वाँ संशोधन) विधेयक, 2025 गंभीर अपराधों (5 वर्ष या अधिक कारावास वाले) के आरोप में 30 दिनों तक हिरासत में रहने वाले प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्रियों को हटाने का प्रावधान करता है। इसका उद्देश्य संवैधानिक नैतिकता और सुशासन को सुनिश्चित करना है। जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2025 जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 की धारा 54 में संशोधन प्रस्तावित करता है। नई धारा (5A) के तहत, गंभीर अपराधों में 30 दिनों तक हिरासत में रहने वाले मंत्री को उपराज्यपाल द्वारा मुख्यमंत्री की सलाह पर 31वें दिन तक हटाया जाएगा। यदि सलाह नहीं मिलती, तो मंत्री स्वतः पदमुक्त हो जाएगा।

Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill