CA Quiz : 15-16 November 2024

Here we provide a Quiz of latest Current Affairs for upcoming exams. This quiz helps you to keep a watch on current happenings and may be useful for General Awareness part of IBPS Banking, SSC-CGL, Bank Clerical and other similar examinations.
प्रश्न 1 हाल ही में (नवंबर 2024 में) केंद्रीय खान मंत्रालय ने महत्वपूर्ण खनिजों में सहयोग के लिए किस एजेंसी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं -
  • (अ) अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी
  • (ब) अंतर्राष्ट्रीय अक्षय ऊर्जा एजेंसी
  • (स) अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी
  • (द) अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा मंच
उत्तर : अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी
व्याख्या :
केंद्रीय खान मंत्रालय ने महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग के लिए अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू ) पर हस्ताक्षर किए हैं। एमओयू पर 13 नवंबर 2024 को नई दिल्ली में खान मंत्रालय के सचिव वी.एल. कांथा राव ने मंत्रालय की ओर से हस्ताक्षर किए और अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के लिए, इस पर आईईए के कार्यकारी निदेशक डॉ. फतिह बिरोल ने हस्ताक्षर किए।
प्रश्न 2 महिला उद्यमिता मंच (WEP) ने महिला सैलून और ब्यूटी पार्लर मालिकों को सशक्त बनाने के लिए हाल ही में (नवंबर 2024 में) किस कंपनी के साथ साझेदारी की -
  • (अ) रिलायंस जियो
  • (ब) अर्बन कंपनी
  • (स) डिज्नी हॉटस्टार
  • (द) हुंडई मोटर्स
उत्तर : अर्बन कंपनी
व्याख्या :
महिला उद्यमिता मंच (डब्ल्यूईपी) ने अपनी अवार्ड टू रिवार्ड पहल के तहत, सौंदर्य और देखभाल क्षेत्र में अपने कारोबार को बढ़ाने की दिशा में महिला एमएसएमई को सहायता देने के लिए एक पहल शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य कार्यक्रम के माध्यम से अंतर्दृष्टि और सीख का लाभ उठाकर प्रक्रिया संबंधी योजना विकसित करना और देश भर में महिला एमएसएमई को आगे बढ़ाना है। अर्बन कंपनी इस कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए प्रमुख हितधारकों के साथ मिलकर छोटी इकाइयों में काम करने वाली महिलाओं की पहचान करेगी और उनके व्यवसाय को बढ़ाने में सहायता करेगी।
प्रश्न 3 बिरसा मुंडा ने किस आंदोलन की शुरुआत की थी -
  • (अ) जल, जंगल, जमीन आंदोलन
  • (ब) सामंती व्यवस्था आंदोलन
  • (स) उलगुलान आंदोलन
  • (द) धर्मांतरण विरोध आंदोलन
उत्तर : उलगुलान आंदोलन
व्याख्या :
बिरसा मुंडा जयंती, जिसे जनजातीय गौरव दिवस के नाम से भी जाना जाता है, हर साल 15 नवंबर को मनाई जाती है। यह दिन वीर जनजातीय नेता और स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के रूप में मनाया जाता है। झारखंड के वीर बिरसा प्रकृति के असीम प्रेमी थे। सभी लोग इन्हें जल, जंगल, जमीन के रक्षक के रूप में याद करते हैं। बिरसा मुंडा एक युवा स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय समुदाय के नेता थे। बिरसा मुंडा झारखंड की मुंडा जनजाति से थे। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड में हुआ था। बिरसा मुंडा ने ‘उलगुलान’ आंदोलन शुरू किया था।
प्रश्न 4 गुरु नानक देव जी की जयंती इस साल (2024) कब मनाई गई -
  • (अ) 14 नवंबर
  • (ब) 15 नवंबर
  • (स) 16 नवंबर
  • (द) 17 नवंबर
उत्तर : 15 नवंबर
व्याख्या :
हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरु नानक जयंती मनाई जाती है। इस साल 15 नवंबर, शुक्रवार को है। गुरु नानक जयंती को प्रकाश पर्व के नाम से भी जाना जाता है। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। इस दिन लोग गुरुद्वारे जाते हैं और नगर कीर्तन का आयोजन भी करते हैं। गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 में अविभाजित भारत के राय भोई दी तलवंडी में हुआ था, जिसे अब पाकिस्तान में ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है।
प्रश्न 5 रिलायंस और डिज्नी के मर्जर के बाद रिलायंस की कितनी हिस्सेदारी होगी -
  • (अ) 50%
  • (ब) 63.16%
  • (स) 70.5%
  • (द) 36.84%
उत्तर : 63.16%
व्याख्या :
डिज्नी स्टार इंडिया और रिलायंस का वॉयकॉम-18 अब एक हो गए हैं। इसमें डिज्नी हॉटस्टार और जियो सिनेमा भी शामिल है। इन दोनों कंपनियों ने गुरुवार, 14 नवंबर को इसका ऐलान किया। इस मर्जर के बाद ये देश का सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट नेटवर्क बन गया है। ये डील 70,352 करोड़ रुपए में हुई है। मर्जर के बाद बनी कंपनी में रिलायंस की 63.16% और डिज्नी की 36.84% हिस्सेदारी होगी। इस नई कंपनी की चेयरपर्सन नीता अंबानी होंगी।
प्रश्न 6 हुंडई मोटर्स ने 15 नवंबर को किसे नया CEO नियुक्त किया -
  • (अ) जोस मुनोज
  • (ब) उदय शंकर
  • (स) केविन वाज
  • (द) निसान मोटर्स
उत्तर : जोस मुनोज
व्याख्या :
हुंडई मोटर्स ने 15 नवंबर को अमेरिका के मौजूदा ग्लोबल चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर 'जोस मुनोज' को अपना CEO नियुक्त किया। इसके साथ ही मुनोज साउथ कोरियाई ऑटोमेकर कंपनी को लीड करने वाले पहले विदेशी बन गए हैं।
प्रश्न 7 हाल ही में (नवंबर 2024 में) आंध्रप्रदेश सरकार और आईआईटी मद्रास के बीच कितने समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए -
  • (अ) चार
  • (ब) छह
  • (स) आठ
  • (द) दस
उत्तर : आठ
व्याख्या :
आंध्रप्रदेश सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में परिवर्तनकारी पहल शुरू करने के लिए आईआईटी मद्रास के साथ आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें अमरावती में एक अंतरराष्ट्रीय डीप-टेक इनोवेशन हब स्थापित करना, स्वयं+ और आईआईटीएम प्रवर्तक जैसे डिजिटल कौशल प्लेटफॉर्म को आगे बढाना और विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के लिए मेंटरशिप कार्यक्रम शुरू करना शामिल है।
प्रश्न 8 श्रीलंका के संसदीय चुनाव में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के गठबंधन का नाम क्या है -
  • (अ) श्रीलंका पीपल्स फ्रंट (SLPP)
  • (ब) समागी जन बालावेगया (SJB)
  • (स) नेशनल पीपुल्स पावर (NPP)
  • (द) नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट
उत्तर : नेशनल पीपुल्स पावर (NPP)
व्याख्या :
15 नवंबर को श्रीलंका के संसदीय चुनाव में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के गठबंधन 'नेशनल पीपुल्स पावर (NPP)' की जीत हुई है। अब तक सभी सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं। NPP ने जिलों के आधार पर तय होने वाली 196 सीटों में से 141 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। दूसरे स्थान पर 18% वोट और 35 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी SJB पार्टी मौजूद है।
प्रश्न 9 हाल ही में (नवंबर 2024 में) भारत, नेपाल और बांग्‍लादेश ने भारतीय ग्रिड के जरिए कितने मेगावाट बिजली पारेषण लाइन की शुरुआत की -
  • (अ) 20 मेगावाट
  • (ब) 40 मेगावाट
  • (स) 60 मेगावाट
  • (द) 80 मेगावाट
उत्तर : 40 मेगावाट
व्याख्या :
भारत, नेपाल और बांग्‍लादेश ने नेपाल से बांग्‍लादेश के लिए भारतीय ग्रिड के प्रयोग से 40 मेगावाट तक की पहली बिजली पारेषण लाइन शुरू करने में सफलता हासिल की है। केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल, बांग्‍लादेश के बिजली मंत्रालय के सलाहकार मोहम्‍मद फौजूल कबीर और नेपाल के ऊर्जा मंत्री दीपक खाड़का ने संयुक्‍त रूप से नेपाल से बांग्‍लादेश को बिजली आपूर्ति करने की इस परियोजना का उद्घाटन किया है।
प्रश्न 10 पहले बोडो शांति महोत्सव का मुख्य विषय क्या है -
  • (अ) एकता और समृद्धि
  • (ब) समृद्ध भारत के लिए शांति और सद्भाव
  • (स) संस्कृति के माध्यम से एकीकरण
  • (द) शांति के साथ सीमाओं को जोड़ना
उत्तर : समृद्ध भारत के लिए शांति और सद्भाव
व्याख्या :
प्रधानमंत्री ने नई दिल्‍ली में प्रथम बोडोलैंड महोत्‍सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि शांति समझौते के कारण दस हजार से अधिक युवाओं ने हथियार छोड दिए हैं और असम में हिंसा रूक गई है। 15 और 16 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय महोत्सव जोशपूर्ण बोडो समाज के निर्माण और शांति बनाए रखने के लिए भाषा, साहित्य और संस्कृति का बड़ा आयोजन है। इसका उद्देश्य न केवल बोडोलैंड में बल्कि असम, पश्चिम बंगाल, नेपाल और पूर्वोत्तर के अन्य अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय बोडो लोगों को एकीकृत करना है। महोत्सव का विषय है ‘समृद्ध भारत के लिए शांति और सद्भाव’, इसमें बोडो समुदाय के साथ-साथ बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) के अन्य समुदायों की समृद्ध संस्कृति, भाषा और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
प्रश्न 11 हाल ही में (नवंबर 2024 में) बिहार के किस जिले में प्रधानमंत्री मोदी ने 6,640 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया -
  • (अ) पटना
  • (ब) गया
  • (स) जमुई
  • (द) भागलपुर
उत्तर : जमुई
व्याख्या :
नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को बिहार के जमुई जिले से 6,640 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का अनावरण किया। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत आदिवासी परिवारों के लिए बनाए गए 11,000 घरों के 'गृह प्रवेश' में भी वर्चुअली भाग लिया। उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों के लिए पीएम-जनमन के तहत 23 मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA) के तहत 30 अतिरिक्त MMU लॉन्च किए। उन्होंने 10 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और 300 वन धन विकास केंद्रों का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य आंत्रप्रेन्योरशिप यानी उद्यमिता को बढ़ावा देना और आजीविका में सुधार करना है।
प्रश्न 12 रणजी ट्रॉफी प्लेट लीग में गोवा की किस जोड़ी ने रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सबसे बड़ी नाबाद 606 रन की साझेदारी कर रिकॉर्ड बना दिया
  • (अ) स्नेहल कौथंकर और कश्यप बाकले
  • (ब) अरविंदर सिंह और रोहित सक्सेना
  • (स) कौथंकर और एम. श्रीनिवास
  • (द) बाकले और जेएस तितियाल
उत्तर : स्नेहल कौथंकर और कश्यप बाकले
व्याख्या :
रणजी ट्रॉफी प्लेट लीग में अरुणाचल प्रदेश का सामना गोवा से हो रहा है। गुरुवार को दूसरे दिन खेले गए मुकाबले में गोवा ने पहली पारी में 727/2 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया और पारी घोषित कर दी। इससे पहले अरुणाचल प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। हालांकि, टीम 84 रन पर सिमट गई। गोवा की ओर से स्नेहल कौथंकर और कश्यप बाकले ने रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सबसे बड़ी नाबाद 606 रन की साझेदारी कर रिकॉर्ड बना दिया।
प्रश्न 13 एम्स दिल्ली में बच्चों के नजर दोष के लिए खोला गया विशेष क्लिनिक कौन सा है -
  • (अ) चाइल्ड विजन क्लिनिक
  • (ब) चाइल्डहुड मायोपिया क्लिनिक
  • (स) पेडियाट्रिक ऑप्टिकल क्लिनिक
  • (द) किड्स आई केयर सेंटर
उत्तर : चाइल्डहुड मायोपिया क्लिनिक
व्याख्या :
बच्चों में नजर कमजोर होने की बढ़ती समस्या को देखते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली ने एक विशेष क्लिनिक की शुरुआत की है। गुरुवार को ‘चाइल्डहुड मायोपिया क्लिनिक’ का उद्घाटन एम्स निदेशक डॉ. एम. श्रीनिवास और आरपी सेंटर के प्रमुख डॉ. जेएस तितियाल ने संयुक्त रूप से किया।
प्रश्न 14 दिल्ली मेट्रो की नई बाइक टैक्सी सेवा किस ऐप के माध्यम से शुरू की गई है -
  • (अ) DMRC Momentum (दिल्ली सारथी 2.0)
  • (ब) MetroConnect
  • (स) MyDelhi App
  • (द) TravelEasy
उत्तर : DMRC Momentum (दिल्ली सारथी 2.0)
व्याख्या :
दिल्ली मेट्रो ने अपनी आधिकारिक ऐप DMRC Momentum (दिल्ली सारथी 2.0) के माध्यम से नई बाइक टैक्सी सेवा की शुरुआत की है। यह सेवा First And Last Mile Connectivity India Pvt. Ltd. के साथ साझेदारी में 11 नवंबर 2024 को शुरू की गई है, जिसमें महिलाओं के लिए एक विशेष बाइक टैक्सी विकल्प भी शामिल है, जिससे यात्री सुविधा और सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
प्रश्न 15 डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र के राजदूत के रूप में किसे नामित किया -
  • (अ) एलिस स्टीफैनिक
  • (ब) निक्की हेली
  • (स) माइक पेंस
  • (द) मार्क एस्पर
उत्तर : एलिस स्टीफैनिक
व्याख्या :
राष्ट्रपति-निर्वाचित डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के लिए रिपब्लिकन प्रतिनिधि एलिस स्टीफैनिक को संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत के रूप में नामित किया है, जो उनके कैबिनेट के पहले प्रमुख चयन में से एक है। स्टीफैनिक, जो इजरायल की एक मजबूत समर्थक और ट्रंप की एक प्रमुख सहयोगी हैं, विशेष रूप से विदेश नीति और सुरक्षा मामलों पर कांग्रेस में एक महत्वपूर्ण आवाज रही हैं।
प्रश्न 16 किस थिंक टैंक की स्थापना दक्षिण पश्चिमी कमान, जयपुर में की गई -
  • (अ) डिफेंस इनोवेशन हब
  • (ब) ज्ञान शक्ति
  • (स) सुरक्षा समाधान केंद्र
  • (द) रक्षा थिंक टैंक इंडिया
उत्तर : ज्ञान शक्ति
व्याख्या :
सेना के जयपुर स्थित दक्षिण पश्चिमी कमान ने राजस्थान के रक्षा औद्योगिक आधार को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘ज्ञान शक्ति’ नामक एक थिंक टैंक स्थापित किया है। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर रक्षा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सशस्त्र बलों, उद्योग, राज्य सरकार और शिक्षाविदों के बीच चर्चा और सहयोग के लिए एक मंच प्रदान करना है।
प्रश्न 17 ग्लोबल सिटी ब्रांड रैंकिंग 2024 में शीर्ष स्थान किसे मिला -
  • (अ) पेरिस
  • (ब) न्यूयॉर्क
  • (स) टोक्यो
  • (द) लंदन
उत्तर : लंदन
व्याख्या :
ब्रांड फाइनेंस के ग्लोबल सिटी इंडेक्स के अनुसार, लंदन ने लगातार दूसरे वर्ष दुनिया के शीर्ष 100 “सिटी ब्रांड्स” की सूची में पहला स्थान हासिल किया है। यह रैंकिंग 20 देशों में 15,000 लोगों के सर्वेक्षण पर आधारित थी, जिसमें तुर्किये, अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, ब्राजील, चीन और अन्य देशों के लोग शामिल थे।
प्रश्न 18 संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन 2024 कहां आयोजित हुआ -
  • (अ) पेरिस
  • (ब) बाकू
  • (स) दुबई
  • (द) न्यूयॉर्क
उत्तर : बाकू
व्याख्या :
अजरबैजान के बाकू में संयुक्‍त राष्‍ट्र जलवायु परिवर्तन सम्‍मेलन के तहत ग्‍लोबल एलायंस फॉर बैंकिंग ऑन वैल्‍यूज़ ने घोषणा की है कि इसके 25 सदस्‍य बैंकों ने जीवाश्‍म ईंधन अप्रसार संधि का अनुमोदन किया है। यह वित्‍तीय संस्‍थानों द्वारा इस पहल का पहला सामूहिक अनुमोदन है। यह संधि कोयला, तेल और गैस की नई परियोजनाओं का विस्‍तार रोकने की वैश्विक बाध्‍यकारी योजना का प्रस्‍ताव करती है।
प्रश्न 19 एनएडीए इंडिया के किस ऐप का उद्घाटन डॉ. मनसुख मांडविया ने किया -
  • (अ) नो योर मेडिसिन
  • (ब) मेडिसिन गाइड
  • (स) डोपिंग अवेयरनेस
  • (द) एथलीट्स हेल्प
उत्तर : नो योर मेडिसिन
व्याख्या :
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने खेलों में डोपिंग के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अपील की शुरुआत की है, जिसमें एथलीटों, कोचों और पूरे खेल समुदाय से राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (एनएडीए) भारत के ‘अपनी दवा के बारे में जाने (केवाईएम)’ ऐप को अपनाने का आग्रह किया गया है।
प्रश्न 20 2024 में भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता कितनी गीगावॉट हो गई है -
  • (अ) 178.98 गीगावॉट
  • (ब) 186.46 गीगावॉट
  • (स) 200 गीगावॉट
  • (द) 203.18 गीगावॉट
उत्तर : 203.18 गीगावॉट
व्याख्या :
भारत अपनी नवीकरणीय ऊर्जा यात्रा में एक अहम पड़ाव पर पहुंच गया है। देश की कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 200 गीगावाट को पार कर गई है। यह उल्लेखनीय वृद्धि वर्ष 2030 तक गैर-जीवाश्म स्रोतों से 500 गीगावॉट प्राप्त करने के, देश के महत्वाकांक्षी नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्य के अनुरूप है। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अनुसार, कुल नवीकरणीय ऊर्जा पर आधारित बिजली उत्पादन क्षमता अब 203.18 गीगावॉट है।

Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill