Daily CA Dose : 14-04-2019


1. विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा जारी 15 सबसे अधिक प्रदूषित शहरों की सूची में पहले स्थान पर कौन सा शहर है?
उत्तर – कानपूर


हाल में दिल्ली बेस्ड पर्यावरण संस्था क्लाइमेट ट्रेंड्स ने “पोलिटिकल लीडर्स पोजीशन एंड एक्शन ऑन एयर क्वालिटी इन इंडिया 2014-19” नामक रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश का कानपूर शहर विश्व स्वास्थ्य संगठन की 15 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में पहले स्थान पर है। इस सूची में हरियाणा का फरीदाबाद दूसरे स्थान पर रहा जबकि वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा। इस सूची में चौथे स्थान पर गया, पांचवें स्थान पर पटना, छठवें स्थान पर दिल्ली तथा सातवें स्थान पर लखनऊ है। इस सूची में शामिल अन्य शहर आगरा, मुजफ्फरपुर, श्रीनगर, गुरुग्राम, जयपुर, पटियाला तथा जोधपुर है।

2. हाल ही में किस राज्य की “सबूज साथी” परियोजना को संयुक्त राष्ट्र समर्थित “WSIS प्राइज 2019” प्रदान किया गया? 
उत्तर – पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल की दो परियोजनाओं “उत्कर्ष बंगला” तथा “सबूज साथी” को WSIS (World Summit on the Information Society) प्राइज 2019 से सम्मानित किया गया। “उत्कर्ष बांग्ला” योजना “कैपेसिटी बिल्डिंग” श्रेणी में पहले स्थान पर रही। जबकि सबूज साथी योजना को ICT एप्लीकेशन: ई-गवर्नमेंट श्रेणी में पुरस्कार दिया गया है।

3. किस भारतीय को “फ्रीडम ऑफ़ द सिटी ऑफ़ लन्दन” पुरस्कार से सम्मानित किया गया?
उत्तर – ऐलिस जी. वैद्यन

जनरल इंश्योरेंस कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया की चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर ऐलिस जी. वैद्यन को “फ्रीडम ऑफ़ द सिटी ऑफ़ लन्दन” पुरस्कार प्रदान किया गया है, उन्हें यह सम्मान भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच संबंधों को मज़बूत बनाने के लिए दिया गया है।
ऐलिस जी. वैद्यन ने अंग्रेजी साहित्य में पोस्ट ग्रेजुएट की डिग्री प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त उन्होंने अमेरिका के बोस्टन में हार्वर्ड बिज़नेस स्कूल से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। ऐलिस जी. वैद्यन जनरल इंश्योरेंस कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया की पहली महिला चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।
फ्रीडम ऑफ़ द सिटी
यह सम्मान लन्दन नगर कारपोरेशन द्वारा समुदाय के किसी महत्वपूर्ण सदस्य, सेलेब्रिटी अथवा किसी गणमान्य व्यक्ति को प्रदान किया जाता है। इससे पहले जवाहरलाल नेहरु को भी इस सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

4. हाल ही में किस टेलिस्कोप की सहायता से ब्लैक होल का प्रथम चित्र लिया गया है?
उत्तर – इवेंट होराइजन टेलिस्कोप

वैज्ञानिकों ने पहली बार ब्लैक होल का चित्र लिया। इसके लिए शोध कार्य इवेंट होराइजन टेलिस्कोप (EHT) प्रोजेक्ट के तहत किया गया। यह कार्य 2012 में शुरू हुआ था। इसके लिए विश्व में 6 स्थानों पर टेलिस्कोप तैनात किये गये थे। वैज्ञानिकों ने जिस ब्लैक होल का चित्र लेने में सफलता प्राप्त की है, यह मेसियर 87 अथवा M87 गैलेक्सी के केंद्र में है। यह ब्लैक होल पृथ्वी से लगभग 54 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर है। इसका द्रव्यमान सूर्य से 6.5 अरब गुणा अधिक है।
ब्लैक होल
ब्लैक होल (कृष्ण विवर) एक शक्तिशाली गुरुत्वाकर्षण युक्त खगोलीय क्षेत्र होता है जिसकी गुरुत्वाकर्षण शक्ति से प्रकाश भी नहीं बच सकता।

5. हाल ही में किस भारतीय खिलाड़ी को सर एडमंड हिलेरी फ़ेलोशिप प्रदान की गयी?
उत्तर –दीपा मलिक

रिओ पैरालिम्पिक्स की रजत पदक विजेता दीपा मलिक ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री द्वारा प्रदान की जाने वाली सर एडमंड हिलेरी फ़ेलोशिप प्राप्त की है, उन्हें यह फ़ेलोशिप उनकी प्रेरणादायक उपलब्धियों के लिए प्रदान की गयी है। दीपा मलिक ने 2016 में रिओ में शॉट पुट इवेंट में रजत पदक जीता था। दीपा मलिक पैरालिम्पिक खेल संगठनों की यात्रा करेंगी तथा न्यूजीलैंड के एथलीट्स, छात्रों तथा मीडिया के भेंट भी करेंगी।
सर एडमंड हिलेरी फ़ेलोशिप
इस फ़ेलोशिप कार्यक्रम को 2008 में शुरू किया गया था, इसका उद्देश्य भारत और न्यूजीलैंड के बीच के संबंधों को मज़बूत बनाना है।
सर एडमंड हिलेरी
सर एडमंड हिलेरी न्यूजीलैंड के पर्वतारोही थे। उन्होंने नेपाल के शेरपा तेनज़िंग नोर्गे के साथ मिलकर सर्वप्रथम माउंट एवेरेस्ट पर 29 मई, 1953 को चढ़ाई की थी। वे माउंट एवेरेस्ट के शिखर पर पहुँचने वाले पहले व्यक्ति थे। एडमंड हिलेरी ने 1985 से 1988 के बीच भारत, बांग्लादेश और नेपाल के लिए न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त के रूप में भी कार्य किया।

6. हाल ही में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय की पहली महिला वाईस चांसलर कौन बनीं? 
उत्तर – नजमा अख्तर

केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने हाल ही में नजमा अख्तर को जामिया मिलिया इस्लामिया की वाईस-चांसलर नियुक्त किये जाने के बारे में वक्तव्य जारी किया। नजमा अख्तर को राष्ट्रपति द्वारा पांच वर्ष के लिए नियुक्त किया गया है, वे इस पद पर नियुक्त की जाने वाली पहली महिला हैं।
प्रोफेसर नजमा अख्तर अलीगढ मुस्लिम विश्वविद्यालय से स्वर्ण पदक विजेता हैं। उन्होंने शिक्षा में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। वे यूनिवर्सिटी ऑफ़ वार्विक एंड नॉटिंगहम में कामनवेल्थ फेलो भी रही हैं। उन्होंने पेरिस में यूनेस्को के अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा नियोजन संस्थान में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय
जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय नई दिल्ली में स्थित एक सार्वजनिक केन्द्रीय विश्वविद्यालय है। इसकी स्थापना 29 अक्टूबर, 1920 को मुस्लिम नेताओं द्वारा ब्रिटिश शासन के दौरान की गयी थी। डॉ. जाकिर हुसैन इस विश्वविद्यालय के प्रथम वाईस चांसलर थे। मौलाना अली जौहर तथा मौलाना शौकत अली ने इस विश्वविद्यालय की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जामिया मिलिया इस्लामिया को भारतीय संसद ने 1988 में एक अधिनियम के द्वारा केन्द्रीय विश्वविद्यालय बनाया गया था। मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेपतुल्लाह इस विश्वविद्यालय की चांसलर हैं।

7. हाल ही में किस टेक कंपनी ने “एन्थोस” नामक प्लेटफार्म लांच किया है?
उत्तर – गूगल

अमेरिकी टेक कंपनी गूगल ने हाल ही में एन्थोस नामक एक अन्य प्लेटफार्म लांच किया है, इस प्लेटफार्म की सहायता से एप्प्स को कहीं से भी प्रबंधित किया जा सकता है। यह क्लाउड सर्विसेज प्लेटफार्म है।

8. हाल ही में आईपीएल में 100 मैच जीतने वाले पहले कप्तान कौन बनें?
उत्तर – महेंद्र सिंह धोनी

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के इतिहास में 100 मैच जीतने वाले पहले कप्तान बन गये हैं। यह उपलब्धि उन्होंने 11 अप्रैल, 2019 को राजस्थान रॉयल्स के विरुद्ध चेन्नई सुपर किंग्स के मैच में जीत के साथ ही प्राप्त की। धोनी ने आईपीएल में 166 मैचों में कप्तानी की है, इनमे से 100 मैचों में उनकी टीम की जीत हुई है। आईपीएल में सर्वाधिक मैच जीतने वाले कप्तानों की सूची में गौतम गंभीर दूसरे स्थान पर हैं, गौतम गंभीर अब तक 71 मैच जीत चुके हैं। धोनी कप्तान के रूप में तीन बार आईपीएल का खिताब जीत चुके हैं।

9. हाल ही में NBCC का CMD किसे नियुक्त किया गया है?
उत्तर – शिव दास मीना

तमिलनाडु कैडर के 1989 बैच के आईएएस अफसर शिव दास मीना को राष्ट्रीय भवन निर्माण कारपोरेशन (NBCC) का नया CMD नियुक्त किया गया है। वे अनूप कुमार मित्तल की जगह लेंगे। NBCC भारत सरकार के अधिक एक सार्वजनिक उपक्रम है, इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है।

10. भारत ने किस यूरोपीय देश के साथ मिलकर संयुक्त औद्योगिक अनुसन्धान व विकास कार्यक्रम लांच किया है?
उत्तर – स्वीडन

भारत और स्वीडन ने मिलकर संयुक्त औद्योगिक अनुसन्धान व विकास कार्यक्रम लांच किया है। इस कार्यक्रम के द्वारा वैश्विक समस्याओं का समाधान तकनीक व नवोन्मेष के द्वारा किया जाएगा। इस कार्यक्रम का वित्तपोषण भारतीय विज्ञान व तकनीक विभाग तथा स्वीडन की नवोन्मेष एजेंसी – विन्नोवा द्वारा किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत स्मार्ट सिटीज, स्वच्छ टेक्नोलॉजी, डिजिटलाईज़ेशन तथा इन्टरनेट ऑफ़ थिंग्स जैसे क्षेत्रों में कार्य किया जायेगा।

Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill