Daily CA Dose : 10-09-2019


1. मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट 2019 में एकल पुरुष वर्ग का खिताब किसने जीता?
उत्तर – लिन डैन



2019 मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 2 से अप्रैल, 2019 के दौरान मलेशिया के अक्सियाता एरीना में किया गया, इस प्रतियोगिता की इनामी राशि 7 लाख डॉलर थी।
विजेताओं की सूची
पुरुष एकल वर्ग : लिन डैन (चीन)
महिला एकल वर्ग : ताई-तजु-यिंग (ताइवान)
पुरुष युगल वर्ग : ली जुन्हुई व लिऊ युचेन (चीन)
महिला युगल वर्ग : चेन किंगचेन व जिया यिफान (चीन)
मिश्रित वर्ग : झेंग सिवेई व हुआंग याकिओंग (चीन)
मलेशिया ओपन एक वार्षिक बैडमिंटन प्रतियोगिता है, इसका आयोजन 1937 से किया जा रहा है,इसे मलेशिया सुपर सीरीज भी कहा जाता है।

2. हाल ही में किसने बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश के रूप में शपथ ली?
उत्तर – जस्टिस प्रदीप नन्दरजोग


हाल ही में जस्टिस प्रदीप नन्दरजोग ने बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश के रूप में शपथ ली। उन्हें महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने शपथ दिलाई। जस्टिस प्रदीप नन्दरजोग मार्च 2017 से राजस्थान के मुख्य न्यायधीश के रूप में कार्यरत्त थे।

3. भारतीय पुरुष हॉकी टीम का प्रमुख कोच किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – ग्रैहम रीड


ऑस्ट्रेलिया के ग्रैहम रीड को भारतीय पुरुष हॉकी टीम का प्रमुख कोच नियुक्त किया गया है। पिछले चार महीने से हॉकी कोच का पद खाली चल रहा था। उनका कार्यकाल अगले वर्ष के अंत तक होगा। हालांकि इस कार्यकाल को प्रदर्शन के आधार पर 2022 FIH वर्ल्ड कप तक बढ़ाया जा सकता है। ग्रैहम रीड की मासिक तनख्वाह 15,000 डॉलर होगी। इससे पहले वे नीदरलैंड्स टीम के सहायक कोच थे, उनके कार्यकाल में नीदरलैंड्स ने 2018 पुरुष विश्व कप में रजत पदक जीता था।ग्रैहम रीड 1992 बार्सिलोना ओलिंपिक में रजत पदक जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई हॉकी टीम के सदस्य थे। रीड 1984, 1985, 1989 तथा 1990 में चैंपियंस ट्राफी का खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 130 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्हें 2009 में ऑस्ट्रेलियाई हॉकी टीम का सहायक कोच नियुक्त किया गया था।  बाद में उन्हें प्रमुख कोच बनाया गया और उनके कार्यकाल में 2012 में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने चैंपियंस ट्राफी का खिताब जीता था।

4. केरल बाढ़ पर एमिकस क्यूरी किसे नियुक्त किया गया था?
उत्तर – जैकब पी. अलेक्स


एमिकस क्यूरी (न्यायमित्र) जैकब पी. अलेक्स को केरल उच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त किया गया, उन्हें केरल में आई भीषण बाढ़ से सम्बंधित मामलों का अध्ययन करने के लिए नियुक्त किया गया था। उन्होंने हाल ही में अपनी रिपोर्ट उच्च न्यायालय को सौंप दी है, इस रिपोर्ट के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं :
• एक साथ विभिन्न जलाशयों से अचानक पानी छोड़ने के कारण अगस्त, 2018 में भारी बारिश के कारण स्थिति और भी ख़राब हुई।
• उच्च क्षमता वाले जलाशयों से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण बाढ़ के हालत अधिक भयावह हुए।
• राज्य में बाढ़ नियंत्रण जोन व्यवस्था अधिक कुशल नही है। बाढ़ नियंत्रण जोन एक स्थायी क्षेत्र होता है जहाँ पर जल के अधिक बहाव को भंडारित किया जा सकता है, ताकि उससे जान-माल की हानि न हो।
• राज्य के 79 बांधों में से किसी का भी उपयोग बाँध नियंत्रण के लिए नहीं किया गया। जबकि राष्ट्रीय जल नीति व आपदा पर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के अनुसार ऐसा करना आवश्यक है।
• जारी किये गये विभिन्न अलर्ट (ब्लू/ऑरेंज/रेड) EAP (इमरजेंसी एक्शन प्लान) दिशानिर्देशों के अनुकूल नहीं थे।
• रेड अलर्ट जारी करने के लिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए उचित आवश्यक कदम नहीं उठाये गये।
• किसी भी बाँध के लिए आपातकालीन एक्शन प्लान (EAP) मौजूद नहीं था, जबकि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के अनुसार यह आवश्यक है।
• अधिकतर जलाशय भारी बारिश से पहले ही भरे हुए थे और उनमे अधिक जल संचय की क्षमता नहीं थी। इसलिए भारी वर्षा के समय बाँध से कम समय में ही पानी छोड़ना पड़ा।
• बाँध प्रबंधकों को केवल भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर ही निर्भर नहीं रहना चाहिए था। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान में अंतर होने के कारण देरी से बाँध में पानी छोड़े जाने को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
आपातकालीन एक्शन प्लान (EAP)
आपातकालीन एक्शन प्लान (EAP) बांध ऑपरेटर द्वारा तैयार किया गया एक लिखित दस्तावेज होता है, इस प्लान में बाँध अथवा सहायक संरचना में गड़बड़ी होने की स्थिति में नुकसान को रोकने अथवा कम करने के लिए योजना होती है।

5. हाल ही में भारत ने किस अफ्रीकी देश से CRPF के दल को शांति सेना से वापस बुलाने का निर्णय लिया है?
उत्तर – लीबिया


भारत ने लीबिया के त्रिपोली में कार्यरत्त CRPF दल को वापस बुलाया है, इस CRPF दल में 15 सैनिक शामिल हैं। दरअसल हाल ही में लीबिया में सुरक्षा परिस्थिति काफी बिगड़ गयी है।
लीबिया संकट
• 2011 में विद्रोह तथा मुहम्मर गद्दाफी की हत्या के बाद लीबिया संकट से घिरा हुआ है।
• हालाँकि लीबिया में संयुक्त राष्ट्र समर्थित फायेज़-अल-सर्राज की मान्यता प्राप्त सरकार है। परन्तु लीबिया में विभिन्न सशस्त्र समूह सक्रिय हैं।
• लीबियन नेशनल आर्मी लीबिया के पूर्वी भाग को नियंत्रित करती है जबकि संयुक्त राष्ट्र समर्थित गवर्नमेंट ऑफ़ नेशनल एकॉर्ड लीबिया के पश्चिमी भाग को नियंत्रित करती है।
• 2015 में समझौते के द्वारा गवर्नमेंट ऑफ़ नेशनल एकॉर्ड नामक अंतरिम लीबियाई सरकार की स्थापना की गयी थी।
हाल ही में फील्ड मार्शल खलीफा हिफ्तर के नेतृत्व में लीबियन नेशनल आर्मी ने त्रिपोली पर कब्ज़ा करने का प्रयास किया, गवर्नमेंट ऑफ़ नेशनल एकॉर्ड द्वारा इसका प्रतिरोध किया किया गया। इस बाद भड़की हिंसा में 23 नागरिकों की मृत्यु हो गयी और बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए।
लीबिया
लीबिया उत्तरी अफ्रीका में स्थित एक देश है, इसकी राजधानी त्रिपोली में स्थित है। लीबिया ने 10 फरवरी, 1947 को इटली से स्वतंत्रता प्राप्त की थी। लीबिया का क्षेत्रफल 17,59,541 वर्ग किलोमीटर है। लीबिया का आधिकारिक धर्म इस्लाम है, इसकी 96.6% आबादी मुस्लिम है। लीबिया की मुद्रा लीबियाई दीनार है।

6. विश्व स्वास्थ्य दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 7 अप्रैल


विश्व स्वास्थ्य दिवस प्रतिवर्ष 7 अप्रैल को मनाया जाता है। इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम “सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज” है। इसका उद्देश्य लोगों को आवश्यकता पड़ने पर ज़रूरी स्वास्थ्य सुरक्षा प्राप्त होने के लिए कार्य करना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी प्रगति की जा रही है परन्तु अभी भी करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त नहीं हैं। विश्व स्वास्थ्य दिवस 7 अप्रैल को इसलिए मनाया जाता है क्योंकि 7 अप्रैल, 1948 को विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना की गयी थी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन
विश्व स्वास्थ्य संगठन स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर आपसी सहयोग एवं मानक विकसित करने वाली संस्था है। यह संयुक्त राष्ट्र संघ की एक अनुषांगिक इकाई है। इसकी स्थापना 7 अप्रैल 1948 को की गयी थी। इसके 193 सदस्य देश तथा दो संबद्ध सदस्य हैं। इसका उद्देश्य विश्व के लोगो के स्वास्थ्य का स्तर ऊँचा करना है। स्विटजरलैंड के जेनेवा शहर में इसका मुख्यालय स्थित है। भारत भी इसका सदस्य देश है भारत की राजधानी दिल्ली में इसका भारतीय मुख्यालय स्थित है।

7. ग्लोबल कूलिंग कोएलिशन को हाल ही में किस देश में लांच किया गया?
उत्तर – डेनमार्क


डेनमार्क के कोपेनहेगेन में Global Conference on Synergies between the 2030 Agenda and Paris Agreement के दौरान ग्लोबल कूलिंग कोएलिशन को लांच किया गया।
मुख्य बिंदु
ग्लोबल कूलिंग कोएलिशन को संयुक्त राष्ट्र, क्लाइमेट एंड क्लीन एयर कोएलिशन, किगाली कूलिंग एफिशिएंसी प्रोग्राम तथा सस्टेनेबल एनर्जी फॉर आल (SEforALL) का समर्थन प्राप्त है। इस गठबंधन में चिली तथा रवांडा के पर्यावरण मंत्री शामिल है। इसमें ENGIE और Danfoss नामक इंजीनियरिंग फर्म के प्रमुख भी शामिल है। इसके अतिरिक्त इसमें सिविल सोसाइटी, अनुसन्धान व अंतर-सरकारी संगठनों के नेता भी शामिल हैं। इसका उद्देश्य समाधानों की खोज करना तथा स्वच्छ व कुशल कूलिंग के लिए कार्य करना है।
यह महत्वपूर्ण क्यों है?
जिस प्रकार हीट वेव नियमित रूप से बढ़ रही है, इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए इस प्रकार की कूलिंग (शीतकरण) की आवश्यकता है जिससे लोगों का स्वास्थ्य अच्छा रहे तथा खाद्यान्न पौष्टिक रहे तथा अर्थव्यवस्था उत्पादक बने।
अंतर्राष्ट्रीय उर्जा एजेंसी के अनुसार बढ़ते तापमान तथा लोगों की व्यय क्षमता में वृद्धि होने के कारण वर्तमान में 1.2 अरब एयर कंडीशनर की संख्या 2050 तक 4.5 अरब तक पहुँच जायेगी। परन्तु उत्सर्जन स्तरों को सीमा के अन्दर रखना एक बड़ी चुनौती है।

8. किस भारतीय कंपनी ने हाल ही में “ग्लोबल स्लैग कंपनी ऑफ़ द ईयर” का पुरस्कार जीता?
उत्तर – टाटा स्टील


भारत की टाटा स्टील ने हाल ही में “ग्लोबल स्लैग कंपनी ऑफ़ द ईयर” का पुरस्कार जीता, इसकी घोषणा जर्मनी के आचेन में 14वीं ग्लोबल स्लैग कांफ्रेंस के दौरान की गयी। टाटा स्टील को यह पुरस्कार स्टील के सह-उत्पाद (स्लैग) के नवीन उपयोग के विकास के लिए दिया गया है।

9. ESPN इंडिया मल्टी-स्पोर्ट अवार्ड 2019 में सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार किसे दिया गया?
उत्तर – पी.वी. सिन्धु


हाल ही में 11 श्रेणियों में ESPN इंडिया मल्टी-स्पोर्ट अवार्ड्स 2018 प्रदान किए गये, विजेताओं की सूची निम्नलिखित है:
विजेता
स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ़ द ईयर (पुरुष) – नीरज चोपड़ा (एथलेटिक्स)
स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ़ द ईयर (महिला) – पी.वी. सिन्धु (बैडमिंटन)
कमबैक ऑफ़ द ईयर – साईना नेहवाल (बैडमिंटन)
कोच ऑफ़ द ईयर – जसपाल राणा (शूटिंग)
इमर्जिंग स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ़ द ईयर – सौरभ चौधरी (शूटिंग)
टीम ऑफ़ द ईयर – महिला टीम (टेबल टेनिस)
मैच ऑफ़ द ईयर – अमित पंघाल बनाम हसनबॉय दुस्मतोव (बॉक्सिंग)
दिव्यांग एथलीट ऑफ़ द ईयर – एकता भ्यान (पैरा-एथलेटिक्स)
मोमेंट ऑफ़ द ईयर – महिला 4x400m रीले
लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड – प्रदीप कुमार बनर्जी (फुटबॉल)

10. भारतीय नौसेना ने संयुक्त शोध के लिए किस संगठन के साथ समझौता किया है?
उत्तर – CSIR (वैज्ञानिक व औद्योगिक अनुसन्धान परिषद)


हाल ही में भारतीय नौसेना ने CSIR (वैज्ञानिक व औद्योगिक अनुसन्धान परिषद) के साथ संयुक्त शोध के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किये। इस समझौते के तहत मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, संचार, कंप्यूटर विज्ञान, प्रोपल्शन सिस्टम तथा नैनोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में शोध कार्य किया जायेगा।

Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill