Daily CA Dose : 06-04-2019


1. किस भारतीय को संयुक्त अरब अमीरात का सर्वोच्च नागरिक सम्मान “ज़ायेद मैडल” से सम्मानित किया जायेगा?
उत्तर – नरेन्द्र मोदी



हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात ने भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को ज़ायेद मैडल से सम्मानित किये जाने की घोषणा की। श्री मोदी को यह सम्मान भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच संबंधों को मज़बूत बनाने के लिए दिए गये योगदान के लिए दिया जा रहा है। इसकी जानकारी अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन ज़ायेद अल नाहयान ने ट्वीट करके दी।
ज़ायेद मैडल संयुक्त अरब अमीरात द्वारा राजाओं, राष्ट्रपतियों तथा राष्ट्रप्रमुखों को दिया जाने वाले सर्वोच्च सम्मान है। अब तक यह सम्मान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग तथा महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय को प्रदान किया जा चुका है।
संयुक्त अरब भारत का पांचवा सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता है। भारत कुल तेल आयात का 8% हिस्सा संयुक्त अरब अमीरात से आयात करता है। संयुक्त अरब अमीरात भारत और फ्रांस के नेतृत्व में शुरू किये गये अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का हिस्सा भी है। 2017 में भारत-संयुक्त अरब अमीरात के बीच का व्यापार 50 अरब डॉलर पर पहुँच गया था। संयुक्त अरब अमीरात चीन और अमेरिका के बाद भारत के तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। भारत से संयुक्त अरब अमीरात को 2016-17 में 31 अरब डॉलर का निर्यात किया गया था।

2. वित्त वर्ष 2019-20 की पहली द्वि-मासिक नीति में आरबीआई ने रेपो रेट को कितना रखा है?
उत्तर – 6%


आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति ने रेपो रेट (अल्पकालिक उधार दर) में 25 बेसिस पॉइंट्स की कमी के साथ 6% पर रखा है। यह निर्णय RBI गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में 6 सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति द्वारा लिया गया है। यह इस वर्ष की पहली द्वि-मासिक मौद्रिक नीति बैठक थी, इसका आयोजन 2-4 अप्रैल के दौरान किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने की।
रेपो दर
रेपो दर, वह दर है जिस पर आरबीआई छोटी समयावधि के लिए बैंकों को ऋण देता है। यह RBI द्वारा बैंकों से सरकारी बांड खरीदकर एक निश्चित दर पर उन्हें बेचने के लिए एक समझौते के साथ किया जाता है। जब भारतीय रिजर्व बैंक रेपो दर बढ़ाता है, तो बैंक को उच्च दरों पर ऋण देना पड़ता है। अत: कहा जा सकता है कि रेपो दर का बढ़ना बाजारों में ब्याज दरों में वृद्धि होने का एक कारण है।
रिवर्स रेपो दर
रिवर्स रेपो दर वह ब्याज दर है जिस पर आरबीआई अल्पकालिक समय के लिए अन्य बैंकों से ऋण लेता है। यह आरबीआई द्वारा सरकारी बॉन्ड / सिक्योरिटीज को बैंकों को भविष्य में वापस खरीदने की प्रतिबद्धता के साथ किया जाता है। बैंक रिवर्स रेपो सुविधा का उपयोग अपने अल्पकालिक अतिरिक्त धन को आरबीआई में जमा करके ब्याज अर्जित करने के लिए भी करते हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक
भारतीय रिजर्व बैंक भारत का केन्द्रीय बैंक है। यह भारत के सभी बैंकों का संचालक है। रिजर्व बैक भारत की अर्थव्यवस्था को नियन्त्रित करता है। 1 अप्रैल सन 1935 को इसकी स्थापना रिजर्व बैंक ऑफ इण्डिया ऐक्ट 1934 के अनुसार हुई थी।

3. एशियाई विकास बैंक ने वित्त वर्ष 2020 के लिए भारत की जीडीपी विकास दर का अनुमान कितना रखा है?
उत्तर – 7.2%


एशियाई विकास बैंक ने 2019-20 के लिए भारत की जीडीपी विकास दर के अनुमान को 7.6% से कम करके 7.2% कर दिया है। इसका प्रमुख कारण वैश्विक मांग में धीमापन तथा घरेलु राजस्व में कमी है। एशियाई विकास बैंक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 2019-20 में भी भारत बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में तेज़ गति से आगे बढेगा।
एशियाई विकास बैंक
एडीबी एक क्षेत्रीय विकास बैंक है जिसका उद्देश्य एशिया में सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। इसकी स्थापना दिसंबर 1966 में की गयी थी। इसका मुख्यालय मनीला (फिलीपींस) में स्थित है। इसके कुल 67 सदस्य हैं, जिनमें से 48 एशिया और प्रशांत क्षेत्र जबकि बाकी 19 अन्य क्षेत्र के हैं। एडीबी का मुख्य उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ऋण, तकनीकी सहायता, अनुदान और इक्विटी निवेश प्रदान करके अपने सदस्यों और भागीदारों की सहायता करना है।

4. शिकागो के इतिहास की पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला मेयर कौन बनीं?
उत्तर – लोरी लाइटफुट


लोरी लाइटफुट शिकागो के इतिहास की पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला मेयर बनीं। वे पूर्व संघीय अभियोजक भी हैं। वे रहम एमानुएल की जगह लेंगी।

5. हाल ही में दक्षिण पूर्व एशियाई देश ने समलैंगिकता के लिए मृत्युदंड की सजा का प्रावधान किया है?
उत्तर –ब्रूनेई


ब्रूनेई ने कठोर इस्लामिक कानून लागू किया है जिसके मुताबिक समलैंगिकता के लिए दोषी को पत्थर से मृत्युदंड दिया जायेगा। ब्रूनेई दक्षिण-पूर्व एशिया में राष्ट्रीय स्तर पर शरिया (इस्लामिक कानून) लागू करने वाला प्रथम देश है।

6. हाल ही में भारतीय सेना ने किस राज्य में मैत्री पुल का निर्माण किया?
उत्तर – जम्मू-कश्मीर


हाल ही में भारतीय सेना ने मात्र 40 दिनों में जम्मू-कश्मीर के लेह में सिन्धु नदी पर सबसे लम्बे सस्पेंशन पुल का निर्माण किया।
• इस पुल का निर्माण “फायर एंड फ्यूरी कोर्प्स” की “साहस और योग्यता” रेजिमेंट के कॉम्बैट इंजिनियर्स द्वारा किया गया है।
• इस पुल की कुल लम्बाई 260 फीट है।
• इस पुल का नाम “मैत्री ब्रिज” रखा गया है।
• इस पुल से लद्दाख क्षेत्र में चोगलामसर, स्तोक तथा चुचोत गाँव के लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
• गौरतलब है कि इस पुल का निर्माण रिकॉर्ड 40 दिन में किया गया है, इसके लिए 500 टन के पुल उपकरणों तथा निर्माण सामग्री को निर्माण स्थल पर पहुँचाया गया तथा पुल का निर्माण भी किया गया।

7. अंतर्राष्ट्रीय माइन जागरूकता दिवस कब मनाया जाता है?
उत्तर – 4 अप्रैल


प्रतिवर्ष चार अप्रैल को अंतर्राष्ट्रीय माइन जागरूकता दिवस मनाया जाता है, इसका उद्देश्य लैंडमाइंस, युद्ध के विस्फोटक अवशेष तथा उनके समापन के बारे में जागरूकता फैलाना है।

8. हाल ही में किस स्वास्थ्य संतान ने स्टेट ऑफ़ ग्लोबल एयर 2019 रिपोर्ट जारी की?
उत्तर – हेल्थ इफेक्ट्स इंस्टिट्यूट


हाल ही में अमेरिकी संस्थानों हेल्थ इफेक्ट्स इंस्टिट्यूट (HEI) तथा इंस्टिट्यूट फॉर हेल्थ मैट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन (IMHE) ने हाल ही में वैश्विक वायु गुणवत्ता पर स्टेट ऑफ़ ग्लोबल एयर-2019 नामक रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट के अनुसार विश्व भर में वायु प्रदूषण से होने वाली 5 मिलियन मौतों में से आधी मौतें चीन और भारत में होती हैं। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि PM 2.5 टाइप 2 मधुमेह का तीसरा सबसे बड़ा कारक है।
मुख्य बिंदु
• इस रिपोर्ट के अनुसार विकसित देशों के मुकाबले विकासशील देशों में PM 2.5 का स्तर चार से पांच गुणा अधिक है।
• 2017 में दक्षिण एशिया में PM 2.5 सर्वाधिक था। इस क्षेत्र में भूटान में PM 2.5 का स्तर सबसे कम है।
• जिन 10 देशों में PM 2.5 सबसे कम है : मालदीव, अमेरिका, नॉर्वे, एस्टोनिया, आइसलैंड, कनाडा, स्वीडन, न्यूजीलैंड, ब्रूनेई तथा फ़िनलैंड।
• विश्व में औसतन वायु प्रदूषण से सामूहिक जीवन आकांक्षा में 1 वर्ष तथा 8 महीने की कमी आई है।
भारत के सन्दर्भ में मुख्य बिंदु
• इस रिपोर्ट के अनुसार भारत में PM 2.5 के मुख्य स्त्रोत इस प्रकार हैं : घरों में इंधन के ज्वलन से निकलने वाला धुआं, निर्माण, सड़क तथा अन्य कार्यों से उत्पन्न होने वाले धुलकण, कोयले से चलने वाले पॉवर प्लांट तथा उद्योग, ईंट उत्पादन, परिवहन, डीजल से चलने वाले उपकरण इत्यादि।
• 2017 में भारत में 846 मिलियन लोग (60% जनसँख्या) घरेलु वायु प्रदूषण से प्रभावित हुई, चीन में यह आंकड़ा 452 मिलियन (32% जनसँख्या) रहा।



Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill