Daily CA Dose : 05-04-2019


1. हाल ही में किस सोशल नेटवर्किंग प्लेटफार्म ने फेक न्यूज़ को रोकने के लिए टिप लाइन नामक फीचर लांच किया है? 
उत्तर – व्हाट्सएप्प



हाल ही में इंस्टेंट मैसेजिंग एप्प व्हाट्सएप्प ने प्लेटफार्म पर फेक न्यूज़ तथा अफवाहों का सामना करने के लिए “टिप लाइन” शुरू की है।
मुख्य बिंदु
• यूजर्स समाचार की सत्यता की जांच के लिए मेसेज को व्हाट्सएप्प नंबर +91-9643-000-888 पर फॉरवर्ड कर सकते हैं।
• इस समाचार को बाद “सत्य”, “असत्य”, “भ्रामक”, “विवादित” तथा “क्षेत्र से बाहर” के रूप में श्रेणीबद्ध किया जा सकता है।
• व्हाट्सएप्प हिंदी, तेलुगु, बंगाली, मलयालम तथा अंग्रेजी में चित्र, विडियो अथवा टेक्स्ट की समीक्षा करेगा।
• टिप लाइन फीचर को व्हाट्सएप्प ने भारतीय स्टार्टअप “PROTO” के साथ मिलकर लांच किया है।
• टिप लाइन फीचर से अफवाहों तथा असत्य समाचारों का एक डेटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे फेक न्यूज़ को पहचानने तथा रोक लगाने में सहायता मिलेगी।
• खबर को प्रमाणित किये जाने के बाद इसकी रिपोर्ट यूजर को भेजी जायेगी ताकि वह विश्लेषण के लिए और सामग्री भेजें।

2. भारत-अफ्रीका कृषि व ग्रामीण विकास संस्थान (IAIARD) की स्थापना किस देश में की जायेगी?
उत्तर – मलावी


विदेश मंत्रालय ने नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट कंसल्टेंसी सर्विस (NABCONS) के साथ मलावी में भारत-अफ्रीका कृषि व ग्रामीण विकास संस्थान (IAIARD) के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किये है।
भारत-अफ्रीका कृषि व ग्रामीण विकास संस्थान (IAIARD)
• IAIARD एक अफ्रीकी संस्थान होगा, इस संस्थान में न केवल मलावी के प्रशिक्षुओं बल्कि अन्य अफ्रीकी देशों के प्रशिक्षुओं को भी मानव संसाधन विकास तथा क्षमता निर्माण के लिए प्रशिक्षण दिया जायेगा।
• IAIARD माइक्रो-फाइनेंस तथा कृषि-वित्त इत्यादि क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
• शुरूआती तीन वर्षों के लिए भारतीय फैकल्टी की यात्रा, लॉजिस्टिक्स तथा प्रशिक्षण कोर्स का व्यय भारत सरकार द्वारा किया जायेगा।
• IAIARD अफ्रीका में भारत सरकार द्वारा शुरू की इस प्रकार की प्रथम पहल है। IAIARD से भारत और मलावी के बीच संबंधों में भी मजबूती आएगी।
नाबार्ड कंसल्टेंसी सर्विसेज
नाबार्ड कंसल्टेंसी सर्विसेज राष्ट्रीय कृषि व ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की सब्सिडियरी है। नाबार्ड कंसल्टेंसी सर्विसेज कृषि, ग्रामीण विकास तथा सम्बंधित क्षेत्रों में परामर्श सम्बन्धी सेवायें प्रदान प्रदान करती है।
राष्ट्रीय कृषि व ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड)
नाबार्ड बैंक भारत के अग्रणी विकास बैंकों में से एक है। इसकी स्थापना 12 जुलाई, 1982 को की गयी थी, इसका मुख्यालय महाराष्ट्र के मुंबई में स्थित हैं। यह बैंक मुख्य रूप से कृषि वित्त/ऋण सम्बन्धी कार्य करता है। नाबार्ड ग्रामीण क्षेत्रों में विकास तथा आर्थिक उन्नति के लिए ऋण की व्यवस्था करवाता है।

3. किस देश ने विश्व में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर 5G नेटवर्क लांच किया?
उत्तर – दक्षिण कोरिया


दक्षिण कोरिया ने विश्व का पहला राष्ट्रीय 5G नेटवर्क लांच कर दिया है। 5G नेटवर्क 4G के मुकाबले 20 गुणा अधिक तेज़ होगा। इस वर्ष सैमसंग और LG 5G के लिए अनुकूल डिवाइसेस लांच करेंगे, इनकी कीमत 4G डिवाइसेस से अधिक होने के आसार हैं। इस वर्ष के अंत तक दक्षिण कोरिया में 3 मिलियन से अधिक लोग 5G से जुड़ जायेंगे। 5G से न केवल स्मार्टफ़ोन की इन्टरनेट गति में वृद्धि होगी बल्कि इन्टरनेट ऑफ़ थिंग्स, क्लाउड कंप्यूटिंग, रोबोटिक्स तथा स्व:चालित वाहनों के कार्यों में भी वृद्धि होगी।
5G
5G वायरलेस संचार टेक्नोलॉजी थर्ड जनरेशन पार्टनरशिप प्रोजेक्ट (3GPP) पर आधारित है। यह 4G LTE के बाद मोबाइल नेटवर्क टेक्नोलॉजी का अगला चरण है। 5G टेक्नोलॉजी में डाउनलोड व अपलोड स्पीड मौजूदा 4G नेटवर्क से 100 गुना तेज़ होगी। इससे इन्टरनेट ऑफ़ थिंग्स (IoT), ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) और वर्चुअल रियलिटी (VR) को बढ़ावा मिलेगा।
दिसम्बर, 2017 में 3GPP ने 5G रेडियो मानक का पहला सेट पूरा किया था। 5G की तेज़ गति के कारण क्लाउड सिस्टम से संगीत आसानी से स्ट्रीम किया जा सकेगा, इससे बिना चालक वाले वाहन को आसानी से नेविगेशन डाटा उपलब्ध करवाया जा सकेगा। आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस और इन्टरनेट ऑफ़ थिंग्स के विकास में 5G की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी।

4. हाल ही में सुर्ख़ियों में रहे MH-60R सीहॉक हेलिकॉप्टर किस देश से सम्बंधित हैं?
उत्तर – अमेरिका


अमेरिका ने हाल ही में भारत को 24 MH 60 हेलीकाप्टर बेचे जाने के लिए मंज़ूरी दी। इसके लिए 2.4 अरब डॉलर व्यय किये जायेंगे। इसकी घोषणा अमेरिका ने 2 अप्रैल, 2019 को की। यह हेलिकॉप्टर मौजूदा समय में अमेरिकी नौसेना द्वारा प्रमुख रूप से इस्तेमाल किये जा रहे हैं। यह हेलिकॉप्टर फ्रिगेट, डिस्ट्रॉयर, क्रूजर तथा एयरक्राफ्ट कैरिएर से ऑपरेट किये जा सकते हैं।
मुख्य बिंदु
MH-60 रोमियो सीहॉक हेलीकाप्टर को विश्व का सबसे आधुनिकतम समुद्री हेलीकाप्टर माना जाता है। इसका निर्माण रक्षा निर्माता कंपनी लॉकहीड मार्टिन द्वारा किया जाता है। इन हेलिकॉप्टर्स का उपयोग पनडुब्बी तथा पोत पर हमले करने के लिए किया जा सकता है, यह हेलिकॉप्टर बचाव व राहत कार्य के लिए भी उपयोगी हैं। भारत को काफी समय से इस प्रकार के हेलिकॉप्टर की आवश्यकता थी, भारत के पास सी किंग हेलिकॉप्टर हैं, परन्तु अब यह हेलिकॉप्टर काफी पुराने हो गए हैं। MH 60 हेलीकाप्टर से भारतीय नौसेना की क्षमता में काफी वृद्धि होगी। हिन्द महासागर क्षेत्र में चीन के आक्रामक रवैये को देखते हुए भारत को इस प्रकार के शक्तिशाली हेलीकाप्टर की आवश्यकता है।

5. “कुंदन: सैगल्स लाइफ एंड म्यूजिक” नामक पुस्तक के लेखक कौन हैं?
उत्तर –शरद दत्त


“कुंदन: सैगल्स लाइफ एंड म्यूजिक” नामक पुस्तक के लेखक शरद दत्त हैं। इस पुस्तक में महान गायक के.एल. सैगल की रचनाओं को जीवंत किया गया है। इस पुस्तक को के.एल. सैगल की जन्म तिथि को 4 अप्रैल, 2019 को जारी किया गया। के.एल. सैगल के कुछ लोकप्रिय गीत हैं : “जब दिल ही टूट गया”, “एक बंगला बने न्यारा”, “दुनियां में हूँ दुनिया का तलबगार नहीं हूँ” इत्यादि।

6. हाल ही में कौन सा लैटिन अमेरिकी देश अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल हुआ? 
उत्तर – बोलीविया


बोलीविया ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन के फ्रेमवर्क समझौते पर हस्ताक्षर किये। दरअसल इन दिनों भारत के राष्ट्रपति बोलीविया की यात्रा पर हैं।
अंतर्राष्ट्रीय सोलर गठबंधन (International Solar Alliance)
अंतर्राष्ट्रीय सोलर गठबंधन की शुरुआत भारत और फ्रांस ने मिलकर नवम्बर 2015 में COP 21 संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के दौरान की थी। इसका फ्रेमवर्क समझौता दिसम्बर, 2017 में लागू हुआ था। इसका स्थापना दिवस 11 मार्च, 2018 को मनाया गया था। इसका मुख्यालय हरियाणा के गुरुग्राम में राष्ट्रीय सौर उर्जा संस्थान (NISE) में स्थित है। यह ऐसी पहली अंतर्राष्ट्रीय अंतरसरकारी संधि है जिसका मुख्यालय भारत में स्थित है।
ISA का उद्देश्य सौर उर्जा से परिपूर्ण देशों को एकजुट करके सौर उर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना है। बड़ी मात्रा में सौर उर्जा उत्पादन के कारण इसकी उत्पादन लागत भी कम आएगी। सौर उर्जा उत्पादन के सदस्य देशों में अनुसन्धान व विकास कार्य में मिलकर काम करेंगे।
ISA के उद्देश्य
संयुक्त प्रयासों से सौर उर्जा उत्पादन के लिए आवश्यक उपकरण व तकनीक की लागत कम करना।
2030 तक वृहत स्तर पर सौर उर्जा उत्पादन के लिए 1000 अरब डॉलर का निवेश करना।
कर्क रेखा व मकर रेखा के बीच 121 अधिक सूर्य ताप प्राप्त करने वाले देशों को सौर उर्जा उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना।
ISA द्वारा चलाये जा रहे प्रोग्राम
ISA द्वारा चलाये जा रहे कुछ प्रोग्राम हैं – स्केलिंग सोलर मिनी ग्रिड्स; अफोर्डेबल फाइनेंस एट स्केल; स्केलिंग सोलर एप्लीकेशन्स फॉर एग्रीकल्चरल यूज़; स्केलिंग सोलर रूफटॉप इत्यादि।

7. हाल ही में AUSINDEX 2019 अभ्यास की शुरुआत किस स्थान पर हुई?
उत्तर – विशाखापट्नम


भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच AUSINDEX नामक संयुक्त नौसैनिक अभ्यास के तीसरे संस्करण का आरम्भ 2 अप्रैल को विशाखापट्नम में हुआ। इस संयुक्त अभ्यास में एंटी-सबमरीन युद्ध पर फोकस किया जायेगा। इसका उद्देश्य हिन्द महासागर क्षेत्र में द्विपक्षीय नौसैनिक सामरिक सहयोग को बढ़ावा देना है।
AUSINDEX 2019
• AUSINDEX 2019 का आयोजन 2 अप्रैल से 16 अप्रैल के बीच विशाखापट्नम में किया जायेगा।
• इस अभ्यास में ऑस्ट्रेलिया की ओर से HMAS कैनबेरा (लैंडिंग हेलिकॉप्टर डॉक), औक्सिलिअरी ओइलर रेप्लेनिश्मेंट वेसल, दो फ्रिगेट – HMAS न्यूकैसल तथा HMAS परामैटा तथा P8I व P8 समुद्री गश्ती एयरक्राफ्ट हिस्सा लेंगे।
• इस युद्ध अभ्यास के लिए के लिए किलो-क्लास पनडुब्बी, लैंड-बेस्ड हॉक एयरक्राफ्ट एयर अटैक उपलब्ध करवाएगी। इस अभ्यास में कमोर्ता श्रेणी का एंटी-सबमरीन वेसल, स्टेल्थ डिस्ट्रॉयर भारत की ओर से हिस्सा लेंगे।
• इस अभ्यास में भारतीय पोत पर ऑस्ट्रेलियाई अधिकारी तथा ऑस्ट्रेलियाई पोत पर भारतीय अधिकारी कार्य करेंगे।
• यह अभ्यास विशाखापट्नम में 200 मील के क्षेत्र में किया जायेगा।
• AUSINDEX 2019 में ऑस्ट्रेलिया के 1000 सैन्य अधिकारी हिस्सा लेंगे। इससे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा के क्षेत्र में सहयोग में वृद्धि होगी।

8. किस भारतीय मनोचिकित्सक ने 2019 जॉन डर्क्स कनाडा गेर्डनर ग्लोबल हेल्थ अवार्ड जीता?
उत्तर – विक्रम पटेल


प्रोफेसर विक्रम पटेल ने 2019 जॉन डर्क्स कनाडा गेर्डनर ग्लोबल हेल्थ अवार्ड जीता। श्री पटेल को यह पुरस्कार निम्न तथा मध्यम आय वाले देशों में मानसिक समस्याओं के कारकों के अध्ययन के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। इस पुरस्कार के विजेता को 1 लाख डॉलर इनामस्वरुप प्रदान किये जाते हैं। प्रोफेसर विक्रम पटेल इस पुरस्कार को 24 अक्टूबर, 2019 को टोरंटो में प्राप्त करेंगे।

9. भारत सरकार के कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग के ई-लर्निंग प्रशिक्षण कार्यक्रम में किस राज्य को प्रथम स्थान मिला?
उत्तर – तेलंगाना


तेलंगाना लगातार दूसरी बार भारत सरकार के कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग के ई-लर्निंग प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रथम स्थान पर रहा। वित्त वर्ष 2018-19 में डॉ. MCR HRD संस्थान में 20,000 कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए शामिल किया गया था। इन कर्मचारियों को सूचना का अधिकार अधिनियम, कार्यालय की कार्यवाही, वित्त व लेखा इत्यादि विभिन्न कार्यों के बारे में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

10. हाल ही में सुर्ख़ियों में रहा कैफ़े साइंटिफिक किस राज्य से सम्बंधित है?
उत्तर – केरल


केरल में ह्यूम सेंटर फॉर इकोलॉजी एंड वाइल्डलाइफ बायोलॉजी के कुछ एक वैज्ञानिक विशेषज्ञों ने “कैफ़े साइंटिफिक” लांच किया है, इसका उद्देश्य आम लोगों में विज्ञान को बढ़ावा देना है। यह विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के लिए राज्य में इस प्रकार का पहला अभियान है।

Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill