Daily CA Dose : 02-04-2019


1. हाल ही में किस राज्य के लिए आतंक मॉनिटरिंग समूह की स्थापना को मंज़ूरी दी गयी है?
उत्तर – जम्मू-कश्मीर



केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने हाल ही में आतंक मॉनिटरिंग समूह की स्थापना की घोषणा की। इसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के वित्तपोषण तथा आतंकी गतिविधियों पर कार्यवाई करना है।
आतंक मॉनिटरिंग समूह के कार्य
• आतंकवादी गतिविधियों के समर्थक सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध कारवाई करना।
• यह समूह आतंक, आतंक वित्तपोषण तथा आतंक सम्बन्धी गतिविधियों के सन्दर्भ में पंजीकृत मामलों पर कार्य करेगा।
• यह समूह उन लोगों/नेताओं को चिन्हित करेगा जो किसी भी प्रकार से आतंकवाद का समर्थन करते हैं। इसके अलावा आतंकी फंडिंग के लिए उपयोग किये जाने वाले सभी माध्यमों की खोज-बीन करके फंडिंग पर रोक लगाई की जायेगी।
• सात सदस्यीय आतंक मॉनिटरिंग समूह का नेतृत्व जम्मू-कश्मीर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक द्वारा किया जाएगा। इसमें इंटेलिजेंस ब्यूरो, सीबीआई, NIA, केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड तथा केन्द्रीय अप्रत्यक्ष कर तथा सीमा शुल्क बोर्ड के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। जम्मू-कश्मीर पुलिस इंस्पेक्टर जनरल इस समूह के सातवें सदस्य होंगे।

2. “लिवरे पेरिस” नामक इवेंट में किस देश को गेस्ट ऑफ़ ऑनर चुना गया है?
उत्तर – भारत


भारत-फ्रांस संबंधो को मज़बूत बनाने के उद्देश्य से पेरिस लिवरे (पेरिस पुस्तक मेला) 2020 के लिए भारत को गेस्ट ऑफ़ ऑनर के लिए चुना गया है। जबकि 2022 में नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में फ्रांस मेहमान राष्ट्र होगा। इसकी घोषणा हाल ही में नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा की गयी। लिवरे पेरिस का आयोजन 20 से 23 मार्च, 2020 के दौरान किया जायेगा।

3. किस IIT ने विप्रो के साथ 5G तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एडवांस्ड शोध के लिए समझौता किया है?
उत्तर – IIT खड़गपुर


IIT खड़गपुर और विप्रो ने 5G तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एडवांस्ड शोध के लिए समझौता किया है। यह दोनों संस्थाक स्वास्थ्य, शिक्षा, साइबर सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन तथा रिटेल जैसे क्षेत्रों में सहयोग के लिए कार्य करेंगे।

4. हाल ही में किस अंतर्राष्ट्रीय संगठन ने “द स्टेट ऑफ़ द ग्लोबल क्लाइमेट” रिपोर्ट जारी की?
उत्तर – विश्व मौसम विज्ञान संगठन


हाल ही में विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने “द स्टेट ऑफ़ द ग्लोबल क्लाइमेट” रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट में जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का वर्णन किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव अंतोनियो गुटेरेस ने देशों को ग्रीन हाउस गैसों तथा जलवायु परिवर्तन पर लोचशील एक्शन प्लान तैयार करने के लिए कहा है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 2018 चौथा सबसे गर्म वर्ष था, 2015-18 रिकॉर्ड के मुताबिक सबसे गर्म वर्ष थे। औसत वैश्विक तापमान पूर्व-औद्योगिक स्तर से 1 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुँच गया है।

5. हाल ही में किस सोशल नेटवर्किंग साईट ने श्वेत राष्ट्रवाद तथा अलगाववाद पर प्रतिबन्ध लगाया?
उत्तर – फेसबुक


फेसबुक ने हाल ही में श्वेत राष्ट्रवाद तथा अलगाववाद पर प्रतिबन्ध लगाने का निर्णय लिया है। हाल ही में न्यूजीलैंड में हुए हमले में 50 लोगों की मृत्यु हुई थी, हमलावर में उस हमले का प्रसारण लाइव किया था, उस घटना के बाद यह निर्णय लिया गया है। फेसबुक ने आतंकवादी समूहों से सम्बंधित सामग्री को चिन्हित करके उसे ब्लाक करने के लिए प्रतिबद्धता भी ज़ाहिर की है।

6. हाल ही में केंद्र सरकार ने किस वस्तु के लिए ब्लॉकचेन इनेबल्ड मार्केटप्लेस एप्प लांच की है?
उत्तर – कॉफ़ी


केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय ने हाल ही में कॉफ़ी के लिए ब्लॉकचेन इनेबल्ड मार्केटप्लेस एप्प को लांच किया। इसके द्वारा किसानों को बाज़ार से जुड़ने में सहायता मिलेगी और उन्हें अपने उत्पाद का उचित मूल्य मिल सकेगा। इस एप्प का विकास एका सॉफ्टवेयर सोल्यूशंस के सहयोग से मिलकर किया गया है। इसका उद्देश्य भारतीय कॉफ़ी व्यापार में पारदर्शिता लाना है। भारतीय कॉफ़ी की गुणवत्ता विश्व बाज़ार में काफी अधिक है, इसे प्रीमियम कॉफ़ी के रूप में बेचा जाता है, परन्तु कॉफ़ी के किसानों को इसका अधिक लाभ नहीं मिल पाता।

7. हाल ही में किस भारतीय को क्रोएशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड आर्डर ऑफ़ द किंग ऑफ़ तोमिस्लाव से सम्मानित किया गया?
उत्तर – रामनाथ कोविंद


भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को क्रोएशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड आर्डर ऑफ़ द किंग ऑफ़ तोमिस्लाव से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान उनकी क्रोएशिया यात्रा के दौरान दिया गया, उन्हें द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत बनाने के लिये यह सम्मान दिया गया है।
क्रोएशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड आर्डर ऑफ़ द किंग ऑफ़ तोमिस्लाव राष्ट्रप्रमुखों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जाता है। राष्ट्रपति कोविंद क्रोएशिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय राष्ट्रप्रमुख हैं।
क्रोएशिया
क्रोएशिया बाल्कन प्रायद्वीप के उत्तर-पश्चिम में स्थित है, इसकी राजधानी ज़ाग्रेब है। क्रोएशिया सोशलिस्ट फ़ेडरल रिपब्लिक ऑफ़ यूगोस्लाविया का घटक था। क्रोएशिया ने युगास्लाविया से 25 जून, 1991 को स्वतंत्रता की घोषणा की थी।
क्रोएशिया एक गणराज्य है, यह यूरोपीय संघ, संयुक्त राष्ट्र, कौसिल ऑफ़ यूरोप, नाटो, विश्व व्यापार संघठन तथा यूनियन ऑफ द मेडिटरेनीयन का हिस्सा है।

8. हाल ही में प्रवासी भारतीय सम्मान किसे प्रदान किया गया?
उत्तर – डॉ. राजेंद्र जोशी


हाल ही में स्विट्ज़रलैंड में निवास करने वाले NRI डॉ. राजेन्द्र जोशी को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान किया। राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षर किये गये प्रशस्ति पत्र को स्विट्ज़रलैंड में भारतीय एम्बेसडर सीबी जॉर्ज ने डॉ. राजेन्द्र जोशी को प्रदान किया। डॉ. राजेन्द्र जोशी को विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया है।
प्रवासी भारतीय सम्मान
यह प्रवासी भारतीयों को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। यह सम्मान अप्रवासी भारतीय, भारतीय मूल के व्यक्ति, अप्रवासी भारतीय अथवा भारतीय मूल के लोगों द्वारा शुरू की संस्था को प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार निम्नलिखित क्षेत्रों में योगदान के लिए प्रदान किया जाता है:
• भारत की बेहतर समझ
• भारत के उद्देश्य तथा समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग
• भारत तथा विदेशों में रहने वाले वाले भारतीय समुदायों के बीच संबंधों को मज़बूत करना
• भारत अथवा विदेश में मानवीय अथवा सामाजिक परोपकार कार्य
• स्थानीय भारतीय समुदाय का कल्याण
• परोपकारी कार्य
• किसी क्षेत्र में ऐसा कार्य, जिससे भारत का नाम रोशन हुआ हो

9. “गाँधी : द राइटर” नामक पुस्तक के लेखक कौन हैं? 
उत्तर – भवानी भट्टाचार्य


“गाँधी : द राइटर” पुस्तक के लेखक भवानी भट्टाचार्य हैं। उनकी रचनाओं में रबिन्द्रनाथ टैगोर तथा महात्मा गाँधी का प्रभाव दृश्यमान होता है।

10. स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एअरपोर्ट अवार्ड्स 2019 के अनुसार भारत का सबसे स्वच्छ हवाईअड्डा कौन सा है?
उत्तर – इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा


हाल ही में स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एअरपोर्ट अवार्ड्स 2019 प्रदान किये गये, यह पुरस्कार यूनाइटेड किंगडम बेस्ड कंसल्टेंसी फर्म स्काईट्रैक्स द्वारा प्रदान किये गये। यह पुरस्कार लन्दन में पैसेंजर टर्मिनल एक्सपो 2019 में प्रदान किये गये।
विश्व के सर्वश्रेष्ठ हवाईअड्डे
• सिंगापुर के चांगी हवाईअड्डे को विश्व का सबसे बेह्तरीएन हवाईअड्डा चुना गया, चांगी हवाईअड्डे को यह खिताब लगातार सातवीं बार मिला। चांगी हवाईअड्डे की छत पर स्विमिंग पूल, 24 घंटे चालु रहने वाले दो मूवी थिएटर तथा शॉपिंग स्पॉट्स हैं।
• इस वर्ष दूसरे स्थान पर टोक्यो अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (हानेडा) रहा, इस हवाईअड्डे को विश्व को सबसे बेहतरीन घरेलु हवाईअड्डा तथा विश्व का सबसे स्वच्छ हवाईअड्डा भी चुना गया।
• इस वर्ष दक्षिण कोरिया का इंचियोन हवाईअड्डा विश्व में तीसरे स्थान पर रहा है, इसे विश्व का बेस्ट ट्रांजिट एअरपोर्ट भी चुना गया।
सूची में शामिल भारतीय हवाईअड्डे
• इस वर्ष भारत का इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा 59वें स्थान पर रहा, पिछले वर्ष यह 66वें स्थान पर था।
• मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा 64वें स्थान रहा, यह हवाईअड्डा पिछले वर्ष के मुकाबले एक स्थान नीचे फिसला है।
• राजीव घंधी हैदराबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा 10 स्थानों की बढ़त के साथ 66वीं पायदान पर रहा।
• बेंगलुरु का केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा पिछले वर्ष के मुकाबले पांच स्थानों की गिरावट के साथ 69वें स्थान पर रहा।
• स्काईट्रैक्स विश्व एअरपोर्ट अवार्ड लोगों को सर्वेक्षण में दिए गये वोट के आधार पर प्रदान किये जाते हैं।

Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill