Daily CA Dose : 04-03-2019


1. बायो एशिया 2019 में जीनोम वैली एक्सीलेंस वैली पुरस्कार किसे प्रदान किया गया?
उत्तर – डॉ. डॉन क्लीवलैंड


बायो एशिया के 16वें संस्करण का आयोजन हैदराबाद अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में किया गया है। यह तेलंगाना सरकार का फ्लैगशिप इवेंट है, इस सम्मेलन में तकनीकी विस्फोट पर फोकस किया जाता है। इस सम्मेलन में 50 देशों के 1500 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस सम्मेलन में कैलिफ़ोर्निया विश्वविद्यालय के डॉ. डॉन क्लीवलैंड को कैंसर जेनेटिक्स के क्षेत्र में उनके कार्य के लिए जीनोम वैली एक्सीलेंस अवार्ड 2019 से सम्मानित किया गया।

2. हाल ही में किस राज्य ने स्कूलों के बारे में रियल टाइम डाटा उपलब्ध करवाने के लिए “बांग्लार शिक्षा” नामक पोर्टल लांच किया?
उत्तर – पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल ने हाल ही में राज्य में स्कूलों के बारे में रियल टाइम डाटा उपलब्ध करवाने के लिए “बांग्लार शिक्षा” नामक पोर्टल लांच किया। इस पोर्टल में 1.5 करोड़ छात्रों, 5 लाख अध्यापकों तथा 1 लाख स्कूलों का रियल टाइम डाटा स्टोर किया जाएगा। कमियों को दूर करने के लिए पहले इस पोर्टल को दो महीने तक ट्रायल बेसिस पर चलाया जायेगा। यह 1 मई, 2019 से पूर्ण रूप से कार्य शुरू करेगा। इस पोर्टल के माध्यम से हेडमास्टर तथा कक्षा अध्यापक को छात्र के प्रदर्शन के बारे में जानकारी मिलेगी। अभिभावक भी बांग्लार शिक्षा एप्प के द्वारा सूचना प्राप्त कर सकते हैं।

3. हाल ही में न्यूज़ 18 राइजिंग इंडिया शिखर सम्मेलन 2019 का आयोजन किस शहर में किया गया?
उत्तर – नई दिल्ली

हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने न्यूज़ 18 राइजिंग इंडिया शिखर सम्मेलन 2019 को संबोधित किया। इस सम्मेलन में राजनीती, प्रशासन, अर्थशास्त्र, खेल तथा मनोरंजन के क्षेत्र से कई सुप्रसिद्ध हस्तियों ने भाग लिया। इस सम्मेलन में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को चिन्हित किया गया।

4. EASE सूचकांक में सार्वजनिक क्षेत्र के किस बैंक को पहला स्थान मिला?
उत्तर – पंजाब नेशनल बैंक

हाल ही में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की EASE रिफॉर्म्स पर आधारित रिपोर्ट जारी की गयी, इस रिपोर्ट में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का मूल्यांकन 140 मैट्रिक्स तथा 6 थीम्स में किया गया है, यह 6 थीम्स निम्नलिखित हैं :
ग्राहक प्रतिक्रियात्मकता
जिम्मेदाराना बैंकिंग
क्रेडिट ऑफ-टेक
उद्यमी मित्र के रूप में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक
डिजिटलीकरण तथा वित्तीय समावेश
परिणाम सुनिश्चित करना
रिपोर्ट के मुख्य बिंदु
• सुधारों के क्रियान्वयन में पंजाब नेशनल बैंक पहले स्थान पर रहा, इस सूची में बैंक ऑफ़ बड़ौदा दूसरे तथा भारतीय स्टेट बैंक तीसरे स्थान पर रहा।
• EASE (Enhanced Access & Service Excellence) के तहत पंजाब नेशनल बैंक को 100 में से 78.4 अंक प्राप्त हुए। बैंक ऑफ़ बड़ौदा को 77.8, भारतीय स्टेट बैंक को 74.6, ओरिएण्टल बैंक ऑफ़ कॉमर्स को 69, कैनरा बैंक को 67.5 तथा सिंडिकेट बैंक को 67.1 अंक प्राप्त हुए।
• सार्वजनिक क्षेत्र के 6 बैंक जो PCA फ्रेमवर्क में शामिल हैं, उन्हें भी इस सूचकांक में रैंकिंग की दी गयी है। इंडियन ओवरसीज बैंक को 66.7, यूको बैंक को 64.1, यूनाइटेड बैंक ऑफ़ इंडिया को 60.8, IDBI बैंक ,ओ 60.2, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया को 55.7 तथा देना बैंक को 53.8 अंक प्राप्त हुए।
केंद्र सरकार ने जनवरी, 2018 में घोषणा की थी कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए EASE सूचकांक जारी किया जायेगा, इसके द्वारा बैंकों की जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी। इस रिपोर्ट को भारतीय बैंक संघ द्वारा कमीशन किया गया है। यह रिपोर्ट BCG, फोरेस्टर Inc, कान्तार IMRB, ट्रांसयूनियन CIBIL के सहयोग से तैयार की गयी है।

5. दक्षिणी तटीय रेलवे का मुख्यालय किस शहर में स्थित होगा?
उत्तर –विशाखापट्नम

केन्द्रीय रेलवे मंत्री पियूष गोयल ने आंध्र प्रदेश के लिए नए रेलवे जोन “दक्षिणी तटीय रेलवे जोन” के निर्माण की घोषणा की, इसका मुख्यालय विशाखापट्नम में स्थित होगा।
दक्षिणी तटीय रेलवे जोन
• इस रेलवे जोन में गुंतकल, गुंटूर तथा विजयवाड़ा डिवीज़न शामिल होंगे। यह डिवीज़न केन्द्रीय रेलवे के अधीन आते हैं। दक्षिणी केन्द्रीय रेलवे में हैदराबाद, सिकंदराबाद तथा नांदेड़ डिवीज़न शामिल होंगे।
• पूर्वी तटीय रेलवे जोन के अधीन वॉलटेयर डिवीज़न को दो भागों में बांटा जायेगा। इस डिवीज़न में आंध्र प्रदेश के उत्तरी जिले, छत्तीसगढ़ तथा ओडिशा के कुछ क्षेत्र शामिल हैं।
• एक हिस्सा नए जोन में शामिल किया जाएगा तथा उसका विलय विजयवाड़ा डिवीज़न में किया जायेगा। शेष हिस्से से नया डिवीज़न बनाया जायेगा जिसका मुख्यालय रायगड़ में स्थित होगा।
• यह दक्षिणी तटीय रेलवे जोन देश का 18वां रेलवे जोन होगा। वर्तमान में भारत में 17 रेलवे जोन तथा 73 डिवीज़न हैं।

6. हाल ही में किस राज्य ने “जलामृत” नामक जल संचय योजना को लांच किया? 
उत्तर – कर्नाटक


हाल ही में कर्नाटक ने “जलामृत” नामक जल संचय योजना को लांच किया। इस योजना का उद्देश्य सूखे से बचने के लिए उपाय करना तथा जल स्त्रोतों का संरक्षण करना है। इस योजना के तहत राज्य में जल संचय के लिए वैज्ञानिक विधियों का उपयोग किया जायेगा। इसके लिए सैटेलाइट चित्रों तथा भौगोलिक डाटा का उपयोग भी किया जायेगा। यह एक सामुदायिक आन्दोलन होगा, इसका क्रियान्वयन सरकारी विभागों, पंचायती राज संस्थाओं तथा गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा मिलकर किया जायेगा। इस योजना के चार भाग हैं : जल साक्षरता, जल स्त्रोतों का पुनर्जीवन, नए जल स्त्रोतों का निर्माण तथा वनीकरण। इसके नियोजन तथा क्रियान्वयन के लिए ग्राम, तालुक, जिला तथा राज्य स्तर पर समितियों का गठन किया जायेगा।

7. किस राज्य सरकार ने 2019 को “जल का वर्ष” घोषित किया है?
उत्तर – कर्नाटक


कर्नाटक सरकार ने 2019 को “जल का वर्ष” घोषित किया है। इसका उद्देश्य जल के महत्व पर प्रकाश डालना है तथा इसके संरक्षण के लिए प्रयास करना है। यह घोषणा सभी सरकारी विभागों पर लागू होगी। इस पहल के द्वारा जल के बारे में जागरूकता फैलाई जायेगी तथा जल के सदुपयोग को बढ़ावा दिया जायेगा। इसके लिए 50 करोड़ तथा 100 करोड़ रुपये के अतिरिक्त राशि आबंटित की गयी है। इसके तहत अगले दो वर्षों में राज्य में 14,000 जल स्त्रोतों को पुनर्जीवित किया जायेगा। इस पहल के तहत जल संचय व संरक्षण के लिए सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों तथा गैर सरकारी संस्थाओं का उपयोग किया जायेगा।

8. दिव्यांगजनों के लिए किस शहर में खेल केंद्र की स्थापना की जायेगी?
उत्तर – ग्वालियर


हाल ही में केन्द्रीय कैबिनेट ने दिव्यांगजनों के लिए मध्य प्रदेश के ग्वालियर में खेल केंद्र की स्थापना को मंज़ूरी दी। इस केंद्र से देश में पैरा-स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलेगा। इस केंद्र का निर्माण 170.99 करोड़ रुपये की लागत से किया जायेगा। इस केंद्र का पंजीकरण सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के तहत किया जायेगा। इस केंद्र के लिए 12 सदस्यों वाली गवर्निंग बॉडी का गठन किया जायेगा। दिव्यांगजनों के अधिकार अधिनियम, 2016 के सेक्शन 30 के अनुसार सरकार को दिव्यांगजनों की खेल गतिविधियों के लिए कदम उठाने चाहिए। इस केंद्र को 2014-15 के दौरान प्रस्तावित किया गया था। वर्तमान में देश में दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए कोई विशेष केंद्र नही है।

9. RCEP अंतर-सत्रीय मंत्री स्तरीय बैठक का आयोजन किस स्थान पर किया गया?
उत्तर – सीएम रीप (कंबोडिया)


हाल ही में व्यापक क्षेत्रीय आर्थिक साझेदारी (RCEP) की 7वीं अंतर-सत्रीय मंत्रिस्तरीय बैठक का आयोजन कंबोडिया के सीएम रीप में किया गया। इस बैठक का आयोजन दो मार्च को किया गया। इस बैठक में वस्तुओं, सेवाओं, निवेश, आर्थिक व तकनीकी सहयोग, प्रतिस्पर्धा तथा बौद्धिक संपदा अधिकार इत्यादि विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी। इस बैठक में भारत की ओर से केन्द्रीय वाणिज्य व उद्योग तथा नागरिक विमानन मंत्री सुरेश प्रभु ने हिस्सा लिया।
व्यापक क्षेत्रीय आर्थिक साझेदारी (RCEP)
RCEP 10 आसियान देशों (ब्रूनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम) और इसके 6 FTA साझेदारों (ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, भारत, चीन, जापान और कोरिया) के बीच एक प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (Free Trade Agreement – FTA) है।

10. हाल ही में भारत ने किस देश के साथ मैनामती मैत्री अभ्यास 2019 में भाग लिया?
उत्तर –बांग्लादेश


बॉर्डर सिक्यूरिटी फ़ोर्स तथा बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश के बीच हाल ही में तीन दिवसीय मैनामती मैत्री अभ्यास 2019 संपन्न हुआ।
मैनामती मैत्री युद्ध अभ्यास 2019
• इस युद्ध अभ्यास का नाम बांग्लादेश के कोमिला से आठ किलोमीटर दूर स्थित मैनामती पर्वत श्रृंखला के नाम पर रखा गया है। इस स्थान पर प्राचीन बौद्ध स्थान स्थित है।
• इस युद्ध अभ्यास का आयोजन बांग्लादेश के कोमिला में श्रीमन्तापुर के निकट किया गया।
• इस युद्ध अभ्यास के आयोजन का उद्देश्य तस्करी तथा अपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए अभ्यास करना था।
• इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों बलों के बीच संयुक्त संचालनात्मक कुशलता में वृद्धि करना है।
• इस अभ्यास में संयुक्त गश्त, तस्करी रोधी ड्रिल, मूक रेड अभ्यास इत्यादि किये गये।
• बॉर्डर सिक्यूरिटी फ़ोर्स तथा बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश के बीच हाल ही में तीन दिवसीय मैनामती मैत्री अभ्यास 2019 संपन्न हुआ।

Ⓒ 2019. JMS Classes Raisinghnagar
✆ 9667070111

Designed By : Satnam Gill